जिला अस्पताल में मां को लेकर भिड़े दो भाई, वार्ड से गैलरी तक चला हंगामा

0

जिला अस्पताल में मां को लेकर भिड़े दो भाई, वार्ड से गैलरी तक चला हंगामा
बीमार मां के साथ मारपीट का विरोध करने पर हुआ विवाद, घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल
सागर। सागर जिला अस्पताल में मंगलवार देर रात उस समय हंगामे की स्थिति बन गई, जब एक ही परिवार के दो भाइयों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बात हाथापाई तक पहुंच गई। मामला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड का बताया जा रहा है, जहां भर्ती अपनी बीमार मां को लेकर दोनों भाइयों के बीच तनाव पैदा हुआ। इस पूरी घटना का वीडियो भी सामने आया है, जो सोशल मीडिया पर तेजी से प्रसारित हो रहा है। हालांकि मामले में अब तक किसी भी पक्ष ने पुलिस से शिकायत नहीं की है।
मिली जानकारी के अनुसार, जिला अस्पताल के आइसोलेशन वार्ड में एक महिला उपचार के लिए भर्ती है। मंगलवार देर रात उसका छोटा बेटा वार्ड में मौजूद था। इसी दौरान बड़ा बेटा भी वहां पहुंचा। आरोप है कि उसने अपनी बीमार मां के साथ मारपीट कर दी। यह देखकर छोटे भाई ने तत्काल विरोध जताया, जिसके बाद दोनों के बीच बहस शुरू हो गई।
देखते ही देखते कहासुनी ने उग्र रूप ले लिया और दोनों भाई एक-दूसरे से भिड़ गए। वार्ड के भीतर ही दोनों के बीच लात-घूंसे चलने लगे। अचानक हुई इस घटना से वहां मौजूद मरीजों और उनके परिजनों में अफरा-तफरी मच गई।
विवाद बढ़ने पर अस्पताल में मौजूद लोगों ने तुरंत हस्तक्षेप किया और दोनों को शांत कराने की कोशिश की। इस दौरान अस्पताल प्रबंधन को भी घटना की सूचना दी गई। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार, झगड़ा वार्ड तक सीमित नहीं रहा और दोनों भाई लड़ते-झगड़ते अस्पताल की गैलरी तक पहुंच गए, जहां कुछ समय तक हंगामा चलता रहा।
हंगामे के दौरान एक भाई अपनी पीड़ा भी व्यक्त करता दिखाई दिया। वह जोर-जोर से कह रहा था कि उसकी बात कोई नहीं सुनता, घर में उसे खाना तक नहीं दिया जाता और वह लंबे समय से परेशान है। उसने यह भी आरोप लगाया कि पुलिस भी उसकी शिकायतों पर ध्यान नहीं देती।
काफी देर तक चले विवाद के बाद मौजूद लोगों ने दोनों पक्षों को अलग कर स्थिति को नियंत्रित किया। घटना के बाद अस्पताल का माहौल सामान्य हो गया। फिलहाल इस मामले में किसी भी पक्ष की ओर से थाने में कोई औपचारिक शिकायत दर्ज नहीं कराई गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here