सीमांकन रिपोर्ट के बदले रिश्वत लेते पटवारी रंगे हाथ गिरफ्तार
लोकायुक्त उज्जैन की कार्रवाई, तहसील कार्यालय में ₹5 हजार लेते दबोचा
भोपाल। उज्जैन लोकायुक्त पुलिस ने गुरुवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए बड़ौद तहसील कार्यालय में पदस्थ हल्का नंबर-08 के पटवारी राजकुमार चौहान को ₹5 हजार की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। आरोपी पटवारी सीमांकन रिपोर्ट देने के एवज में किसान से रिश्वत की मांग कर रहा था।
जानकारी के अनुसार ग्राम झलारा निवासी पाल सिंह परिहार ने 1 जून 2026 को लोकायुक्त पुलिस अधीक्षक उज्जैन को शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि पटवारी राजकुमार चौहान ने उनकी जमीन के सीमांकन के लिए ₹25 हजार की रिश्वत मांगी थी। शिकायतकर्ता के अनुसार पटवारी ₹15 हजार पहले ही ले चुका था और सीमांकन का कार्य भी पूरा कर चुका था, लेकिन रिपोर्ट सौंपने के लिए अतिरिक्त ₹5 हजार की मांग कर रहा था।
लोकायुक्त पुलिस ने शिकायत का सत्यापन निरीक्षक दीपक सेजवार से कराया। जांच में आरोप सही पाए जाने पर ट्रैप की योजना बनाई गई। गुरुवार को लोकायुक्त टीम ने बड़ौद तहसील कार्यालय स्थित पटवारी कक्ष में जाल बिछाया। जैसे ही शिकायतकर्ता ने पटवारी को ₹5 हजार की रिश्वत दी, टीम ने उसे मौके पर ही रंगे हाथों पकड़ लिया।
कार्रवाई का नेतृत्व डीएसपी राजेश पाठक ने किया। टीम में निरीक्षक दीपक सेजवार सहित शिवकुमार शर्मा, अनिल, श्याम शर्मा, संजीव, रमेश डाबर एवं अन्य कर्मचारी शामिल रहे।
लोकायुक्त पुलिस ने आरोपी पटवारी के खिलाफ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की वैधानिक कार्रवाई शुरू कर दी है।
▶ सीमांकन रिपोर्ट के बदले मांगी थी ₹25 हजार रिश्वत
▶ ₹15 हजार पहले ले चुका था आरोपी पटवारी
▶ ₹5 हजार लेते हुए लोकायुक्त ने रंगे हाथों पकड़ा
▶ भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत मामला दर्ज।


