सागर : जंगल में पेड़ से लटका मिला युवक का शव, शव कई दिन पुराने होने की आशंका
सागर जिले के गौरझामर थाना क्षेत्र के ग्राम चिरई स्थित जंगल में शनिवार को एक युवक का शव पेड़ से फंदे के सहारे लटका मिला। घटना की जानकारी मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और शव को नीचे उतारकर आगे की कार्रवाई शुरू की। प्रारंभिक प्रक्रिया पूरी करने के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है। पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, शनिवार को एक ग्रामीण किसी काम से जंगल की ओर गया था। इसी दौरान उसकी नजर एक पेड़ पर लटके शव पर पड़ी। घटना की जानकारी उसने तत्काल गांव के लोगों और पुलिस को दी। सूचना मिलते ही पुलिस टीम मौके पर पहुंची और जांच शुरू की।
जांच के दौरान सामने आया कि शव करीब चार से पांच दिन पुराना था। काफी समय बीत जाने के कारण शव सड़-गल चुका था, जिसकी वजह से शुरुआती स्तर पर उसकी पहचान करना संभव नहीं हो पाया। इसके बाद पुलिस ने मृतक की पहचान के लिए जिले के विभिन्न थानों में दर्ज गुमशुदगी की रिपोर्टों की जांच शुरू की।
जांच के दौरान पुलिस को केसली थाना क्षेत्र के रामखेरी गांव निवासी राकेश लोधी के लापता होने की जानकारी मिली, जिसकी गुमशुदगी पहले से दर्ज थी। इसके बाद पुलिस ने परिजनों से संपर्क किया और उन्हें मौके पर बुलाया। परिजनों ने शव की पहचान 35 वर्षीय राकेश पिता बलराम लोधी के रूप में की।
गौरझामर थाना प्रभारी नासिर फारूकी ने बताया कि मृतक की पहचान हो चुकी है। पुलिस ने पंचनामा कार्रवाई के बाद शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है। उन्होंने कहा कि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही मौत के वास्तविक कारणों की स्पष्ट जानकारी सामने आ सकेगी।


