सागर में दर्दनाक हादसा: बाइक अनियंत्रित होकर नीचे गिरी, युवक की मौके पर मौत
सागर जिले के सानौधा थाना क्षेत्र अंतर्गत साजली के पास शनिवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार युवक की जान चली गई। हादसा उस समय हुआ जब युवक की बाइक अचानक अनियंत्रित होकर पुल से नीचे जा गिरी। घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेज दिया गया है।
जानकारी के अनुसार, धर्माश्री सागर निवासी 24 वर्षीय पंकज पिता बालकिशन लड़िया शनिवार को अपने निजी कार्य से सागर से गढ़ाकोटा की ओर जा रहे थे। वह बाइक क्रमांक एमपी 15 एमपी 9476 से घर से निकले थे। इसी दौरान साजली पुल के पास अचानक उनकी बाइक नियंत्रण से बाहर हो गई और सीधे पुल के नीचे जा गिरी।
बताया जा रहा है कि पुल की ऊंचाई करीब 20 फीट थी। इतनी ऊंचाई से गिरने के कारण पंकज को गंभीर चोटें आईं और घटनास्थल पर ही उनकी मौत हो गई। हादसा देख आसपास मौजूद लोगों और राहगीरों ने तत्काल पुलिस को सूचना दी।
सूचना मिलते ही सानौधा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घटनास्थल का निरीक्षण कर पंचनामा कार्रवाई की। मृतक की पहचान होने के बाद उसके परिजनों को सूचना दी गई। परिजन भी मौके पर पहुंचे, जिसके बाद उनकी मौजूदगी में शव को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया।
पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना किन परिस्थितियों में हुई, इसकी जांच की जा रही है। परिचितों के मुताबिक, पंकज अविवाहित थे। उनके पिता बालकिशन सागर एफएसएल में बाबू के पद पर कार्यरत हैं।


