साइबर ठगी के पीड़ितों को मिली राहत, ‘सेफ क्लिक 2.0’ अभियान में 4.73 लाख रुपये वापस
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस के राज्यव्यापी साइबर जागरूकता अभियान ‘सेफ क्लिक 2.0’ के तहत आमजन को साइबर अपराधों से बचाने के साथ-साथ ठगी के शिकार लोगों को त्वरित राहत भी दिलाई जा रही है। अभियान के दौरान देवास और खरगोन पुलिस ने प्रभावी कार्रवाई करते हुए साइबर ठगी के पीड़ितों को कुल 4 लाख 73 हजार 675 रुपये की राशि वापस दिलाई है।
देवास जिले में पुलिस अधीक्षक पुनीत गेहलोत के निर्देशन में 16 साइबर फ्रॉड पीड़ितों की 3 लाख 98 हजार 719 रुपये की राशि वापस कराई गई। शिकायत मिलते ही थाना स्तर के साइबर मित्रों और जिला साइबर सेल ने एनसीआरपी पोर्टल के माध्यम से संबंधित बैंकों से समन्वय कर ठगी की राशि होल्ड कराई और वैधानिक प्रक्रिया पूरी कर पीड़ितों के खातों में वापस दिलाई।
वहीं खरगोन जिले में पुलिस अधीक्षक रविन्द्र वर्मा के निर्देशन में दो अलग-अलग मामलों में 74 हजार 956 रुपये की राशि वापस कराई गई। एक मामले में मैट्रिमोनियल वेबसाइट के जरिए विदेश से उपहार भेजने का झांसा देकर कस्टम शुल्क के नाम पर ठगी की गई थी, जबकि दूसरे मामले में ऑनलाइन निवेश पर अधिक मुनाफे का लालच देकर धोखाधड़ी की गई थी।
अभियान के तहत प्रदेशभर में पुलिस टीमें स्कूलों, कॉलेजों, हाट-बाजारों, सार्वजनिक स्थानों और पुलिस चौपालों के माध्यम से डिजिटल अरेस्ट, फर्जी निवेश, ऑनलाइन ट्रेडिंग फ्रॉड, ओटीपी, क्यूआर कोड, सोशल मीडिया हैकिंग और अन्य साइबर अपराधों से बचाव के बारे में लोगों को जागरूक कर रही हैं। साथ ही साइबर ठगी होने पर तत्काल साइबर हेल्पलाइन 1930, डायल-112 और राष्ट्रीय साइबर अपराध रिपोर्टिंग पोर्टल पर शिकायत दर्ज कराने की अपील भी की जा रही है।
मध्यप्रदेश पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी अनजान व्यक्ति के साथ बैंकिंग या व्यक्तिगत जानकारी साझा न करें और सोशल मीडिया, निवेश योजनाओं तथा मैट्रिमोनियल वेबसाइटों पर मिलने वाले आकर्षक ऑफर एवं अधिक मुनाफे के प्रलोभन से सतर्क रहें।


