MP: पुलिस की नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, एक सप्ताह में 83 लाख से अधिक के मादक पदार्थ जब्त

 पुलिस की नशे के खिलाफ बड़ी कार्रवाई, एक सप्ताह में 83 लाख से अधिक के मादक पदार्थ जब्त

Ad 1

भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेशभर में अवैध मादक पदार्थों की तस्करी, भंडारण और बिक्री के खिलाफ व्यापक अभियान चलाते हुए पिछले एक सप्ताह में 83 लाख रुपए से अधिक कीमत के मादक पदार्थ और तस्करी में उपयोग किए गए वाहन जब्त किए हैं। विभिन्न जिलों में हुई इन कार्रवाइयों में कई आरोपियों को गिरफ्तार किया गया है।

मंदसौर जिले के कोतवाली थाना पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक आरोपी के कब्जे से 500 ग्राम एमडी ड्रग्स और 500 ग्राम अफीम बरामद की। आरोपी ने मादक पदार्थों को पानी की विद्युत मोटर की बॉडी में छुपाकर रखा था। पुलिस ने करीब 51.72 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की। वहीं भावगढ़ थाना पुलिस ने एक विधि विरुद्ध बालक को अभिरक्षा में लेकर उसके पास से 27 किलो एसिटिक एनहाईड्राइड और एक मोटरसाइकिल जब्त की। दोनों मामलों में कुल 52.82 लाख रुपए से अधिक की संपत्ति जब्त हुई।

नीमच जिले के मनासा थाना पुलिस ने वाहन चेकिंग के दौरान एक ट्रैक्टर-ट्रॉली से 6 क्विंटल 1 किलो डोडाचूरा बरामद किया। पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर करीब 22 लाख रुपए की संपत्ति जब्त की।

देवास जिले के खातेगांव पुलिस ने ब्राउन शुगर तस्करी में संलिप्त आरोपियों को गिरफ्तार कर 23 ग्राम ब्राउन शुगर सहित लगभग 4.60 लाख रुपए की सामग्री जब्त की।

भोपाल क्राइम ब्रांच ने रानी कमलापति रेलवे स्टेशन क्षेत्र से एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से 9.570 किलो गांजा और मोबाइल फोन बरामद किया। जब्त सामग्री की कीमत करीब 2.05 लाख रुपए बताई गई है।

शिवपुरी कोतवाली पुलिस ने स्मैक बेचने वाले एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके पास से 17.60 ग्राम स्मैक जब्त की, जिसकी कीमत लगभग 2 लाख रुपए आंकी गई है।

टीकमगढ़ जिले के पलेरा थाना पुलिस ने ग्राम गड़ारी में कार्रवाई करते हुए 89 गांजे के पौधे, जिनका कुल वजन 63.67 किलो है, जब्त किए। जब्त संपत्ति की कीमत करीब 25 हजार रुपए बताई गई।

मध्यप्रदेश पुलिस ने कहा है कि प्रदेश में नशे के कारोबार में लिप्त लोगों के खिलाफ कठोर कार्रवाई लगातार जारी रहेगी। साथ ही आमजन से नशे से दूर रहने और संदिग्ध गतिविधियों की सूचना तत्काल पुलिस को देने की अपील की गई है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here