अधिवक्ता पर बिना जांच कार्रवाई न हो, जिला अधिवक्ता संघ ने एसपी को सौंपा ज्ञापन
सागर। जिला अधिवक्ता संघ सागर ने शुक्रवार को पुलिस अधीक्षक को ज्ञापन सौंपकर अधिवक्ताओं के खिलाफ बिना जांच प्रकरण दर्ज किए जाने पर आपत्ति जताई। संघ ने मांग की कि अधिवक्ताओं से जुड़े मामलों में निष्पक्ष जांच के बाद ही कार्रवाई की जाए।
संघ के सचिव कुंवर वीरेंद्र सिंह राजपूत द्वारा जारी प्रेस विज्ञप्ति में बताया गया कि जिला अधिवक्ता संघ सागर में करीब 2200 अधिवक्ता पंजीबद्ध हैं। कई बार अधिवक्ताओं के विरुद्ध झूठी शिकायतें सामने आती हैं, लेकिन पुलिस द्वारा बिना पर्याप्त जांच के मामले दर्ज कर लिए जाते हैं, जिससे अधिवक्ताओं को अनावश्यक परेशानी का सामना करना पड़ता है।
ज्ञापन में अधिवक्ता जगमोहन सिंह लोधी के खिलाफ दर्ज मामले का भी उल्लेख किया गया। संघ ने कहा कि इस प्रकरण में पुलिस एवं प्रशासन द्वारा अधिवक्ताओं के प्रति अभद्र व्यवहार किया गया, जिसकी जिला अधिवक्ता संघ ने निंदा की है। संघ ने मांग की कि मामले की निष्पक्ष जांच कराई जाए तथा भविष्य में किसी भी अधिवक्ता के विरुद्ध शिकायत मिलने पर जिला अधिवक्ता संघ से विचार-विमर्श के बाद ही कार्रवाई की जाए।
ज्ञापन सौंपने के दौरान जिला अधिवक्ता संघ के अध्यक्ष जितेंद्र सिंह राजपूत, उपाध्यक्ष महेंद्र कोष्ठ, पुस्तकालय अध्यक्ष योगेंद्र स्वामी, कोषाध्यक्ष आलोक व्यासी, सह सचिव मनोज कुमार सेन, महिला कार्यकारिणी सदस्य अनीता राजपूत, पुरुष कार्यकारिणी सदस्य अंशित बलेया, दीपक शर्मा, पंकज (कुलभूषण) त्रिवेदी, श्यामसुंदर सेन सहित बड़ी संख्या में अधिवक्ता एवं न्यायिक कर्मचारी मौजूद रहे।


