रात 10 बजे निगमायुक्त का औचक निरीक्षण, कटरा बाजार में  9 व्यापारियों पर गंदगी फैसले पर 6500 रुपये जुर्माना

0

रात 10 बजे निगमायुक्त का औचक निरीक्षण, कटरा बाजार में  9 व्यापारियों पर गंदगी फैसले पर 6500 रुपये जुर्माना

Ad 1

सागर। शहर को स्वच्छता में नंबर-1 बनाने के उद्देश्य से नगर निगम प्रशासन लगातार सख्त और सक्रिय नजर आ रहा है। दिन हो या देर रात, निगमायुक्त सह कार्यकारी निदेशक स्मार्ट सिटी श्री राजकुमार खत्री स्वयं मैदान में उतरकर सफाई व्यवस्था की निगरानी कर रहे हैं। गुरुवार रात करीब 10 बजे उन्होंने कटरा बाजार, तीनबत्ती और आसपास के क्षेत्रों का औचक निरीक्षण किया तथा गंदगी फैलाने वाले व्यापारियों पर कार्रवाई करते हुए कुल 6500 रुपये का जुर्माना कराया।

निरीक्षण के दौरान निगमायुक्त सफाई अमले के साथ कटरा बाजार पहुंचे और म्युनिसिपल स्कूल के आसपास लगी खानपान दुकानों, चाट ठेलों, गन्ने के रस विक्रेताओं और आइसक्रीम दुकानों की सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। कई स्थानों पर गंदगी मिलने पर उन्होंने दुकानदारों से तत्काल स्वयं सफाई करवाई और कचरा डस्टबिन में डलवाकर कचरा वाहन में भिजवाया।

उन्होंने कहा कि स्वच्छ सर्वेक्षण को ध्यान में रखते हुए स्वच्छता का कोई भी पहलू नहीं छूटना चाहिए। निगमकर्मी और नागरिक दोनों का एक ही लक्ष्य होना चाहिए — “सागर को स्वच्छता में नंबर-1 बनाना है।”

कार्रवाई के दौरान विनोद रैकवार पर 500 रुपये, सत्या डोसा पर 2000 रुपये, अर्बन शोरूम पर 500 रुपये, नायक किराना पर 500 रुपये, शर्मा आइसक्रीम पर 500 रुपये, वीरेंद्र ठाकुर पर 500 रुपये, निश्चल पर 500 रुपये, आइसक्रीम पार्लर पर 1000 रुपये तथा मनोहर पर 500 रुपये का जुर्माना लगाया गया। व्यापारियों को भविष्य में गंदगी न फैलाने और ग्राहकों को भी डस्टबिन का उपयोग कराने की समझाइश दी गई।

निगमायुक्त ने “कचरा खुद बोलेगा मैं किसका हूँ” अभियान के तहत बंद दुकानों के सामने पड़े कचरे की जांच कर कचरा फैलाने वालों की पहचान करने और उन पर जुर्माना लगाने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि यदि कचरा वाहन देरी से पहुंचे तो दुकानदार कचरा सड़क या नाली में न फेंकें, बल्कि डस्टबिन में सुरक्षित रखें और बाद में वाहन आने पर ही दें।

निरीक्षण के दौरान उन्होंने ग्राहकों और बच्चों से भी स्वच्छता को लेकर संवाद किया। एक नन्ही बच्ची के स्वच्छता संबंधी सकारात्मक विचार सुनकर उन्होंने उसके परिजनों की सराहना की।

निगमायुक्त ने तीनबत्ती, गुजराती बाजार, नमकमंडी, विजय टॉकीज चौराहा और बस स्टैंड क्षेत्र में चल रहे सफाई कार्यों का भी निरीक्षण किया। साथ ही बाजार क्षेत्रों में खड़े ठेले और अन्य अतिक्रमण हटाने के निर्देश देते हुए कहा कि सुबह तक अतिक्रमण नहीं हटने पर सामग्री जब्त की जाएगी।

उन्होंने सफाई कर्मचारियों को निर्देश दिए कि केवल कचरा उठाना ही नहीं, बल्कि सड़कों और नालियों की समुचित सफाई भी सुनिश्चित की जाए। रात्रिकालीन सफाई कार्यों की नियमित मॉनिटरिंग करने और जरूरत पड़ने पर अतिरिक्त कर्मचारी एवं वाहन लगाने के भी निर्देश दिए गए।

निगमायुक्त श्री खत्री ने नागरिकों से अपील की कि वे नगर निगम के स्वच्छता अभियानों में सक्रिय भागीदारी निभाएं और सागर को देश के सबसे स्वच्छ शहरों में शामिल कराने में सहयोग करें।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here