भाजपा का दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग 17 से, मंत्री-सांसद-विधायक भी लेंगे प्रशिक्षण
सागर। भारतीय जनता पार्टी द्वारा पंडित दीनदयाल उपाध्याय जिला स्तरीय दो दिवसीय प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन 17 एवं 18 मई को किया जाएगा। संगठनात्मक मजबूती, वैचारिक स्पष्टता और कार्यकर्ता निर्माण को केंद्र में रखकर आयोजित इस प्रशिक्षण वर्ग में मंत्री, सांसद, विधायक और संगठन पदाधिकारी भी प्रशिक्षण प्राप्त करेंगे। कार्यक्रम पूर्णतः आवासीय रहेगा और सभी प्रतिभागी प्रशिक्षण स्थल पर ही रात्रि विश्राम करेंगे।
भाजपा जिला अध्यक्ष श्याम तिवारी ने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग में लगातार 36 घंटे तक गतिविधियां संचालित होंगी। इस दौरान कुल 12 विशेष सत्र आयोजित किए जाएंगे, जिनमें एकात्म मानव दर्शन, सांस्कृतिक राष्ट्रवाद, पंच निष्ठाएं, संगठन का इतिहास एवं विकास, कार्यकर्ता निर्माण, बूथ प्रबंधन, सोशल मीडिया, आईटी, मीडिया, नई तकनीक एवं एआई, सरकारों की गरीब कल्याण योजनाएं, प्रदेश सरकार की उपलब्धियां और सकारात्मक परसेप्शन निर्माण जैसे विषयों पर वरिष्ठ वक्ताओं द्वारा मार्गदर्शन दिया जाएगा। लगभग 200 प्रशिक्षुओं के शामिल होने की संभावना है।
उन्होंने बताया कि प्रशिक्षण वर्ग में व्यावहारिक सत्र भी आयोजित किए जाएंगे। वर्ग में अनुशासन और समयबद्धता को विशेष महत्व दिया गया है। व्यवस्थापकों को छोड़कर किसी भी प्रतिभागी को मोबाइल उपयोग की अनुमति नहीं होगी तथा पंजीयन के समय मोबाइल जमा कर लिए जाएंगे।
जिला मीडिया प्रभारी श्रीकांत जैन ने जानकारी दी कि प्रशिक्षण वर्ग का आयोजन अम्बेडकर वार्ड स्थित कनेरा के होटल हेरिटेज में किया जाएगा। 17 मई को सुबह 9 बजे से पंजीयन प्रारंभ होगा, जिसके बाद प्रदर्शनी उद्घाटन, वर्ग उद्घाटन सत्र एवं विभिन्न प्रशिक्षण सत्र आयोजित होंगे। रात्रि में सांस्कृतिक कार्यक्रम भी होंगे।
दूसरे दिन 18 मई को सुबह 5:30 बजे जागरण से दिनचर्या शुरू होगी। इसके बाद योग एवं व्यायाम, विभिन्न विषयों पर सत्र और डिजिटल प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। सभी 12 सत्रों के लिए लगभग एक-एक घंटे का समय निर्धारित किया गया है।
भाजपा जिला संगठन द्वारा प्रशिक्षण वर्ग के लिए “घर का टिफिन” एवं सहयोग संग्रह जैसे नवाचार भी किए जा रहे हैं। प्रशिक्षण वर्ग के सफल संचालन हेतु वैभवराज कुकरेले को वर्ग प्रभारी, सुखदेव मिश्र को व्यवस्था प्रभारी, मनीष चौबे को संयोजक तथा डॉ. वीरेन्द्र पाठक, चैन सिंह ठाकुर एवं जगन्नाथ गुरैया को सह संयोजक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।


