अब अगले माह से शुरू हो सकते हैं तबादले, 20 फीसदी तय होगी सीमा
भोपाल। मध्य प्रदेश में प्रशासनिक तबादलों को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। सामान्य प्रशासन विभाग ने तबादला नीति तैयार करने की प्रक्रिया शुरू कर दी है और संभावना जताई जा रही है कि 15 मई के बाद तबादले शुरू हो सकते हैं। इस बार तबादलों की अधिकतम सीमा 20 प्रतिशत तय की जाएगी और आदेश ऑनलाइन जारी किए जाएंगे।
जानकारी के अनुसार, किसी भी संवर्ग में निर्धारित सीमा से अधिक तबादले नहीं किए जाएंगे। जिलों के भीतर होने वाले तबादलों के लिए प्रभारी मंत्री की अनुमति अनिवार्य होगी, जिसके बाद ही कलेक्टर आदेश जारी कर सकेंगे। वहीं विधायकों की अनुशंसा को भी प्राथमिकता मिलने की बात कही जा रही है।
सरकार का फोकस ऐसे अधिकारियों पर रहेगा जो एक ही स्थान पर तीन साल या उससे अधिक समय से पदस्थ हैं। अधिकारियों के तबादले श्रेणीवार किए जाएंगे, जिसमें प्रथम श्रेणी के अधिकारियों के लिए मुख्यमंत्री स्तर से अनुमोदन आवश्यक होगा, जबकि अन्य अधिकारियों के प्रस्ताव संबंधित विभागीय मंत्री द्वारा मंजूर किए जाएंगे।
सूत्रों के अनुसार, नीति का ड्राफ्ट अप्रैल अंत तक कैबिनेट के सामने रखा जा सकता है, ताकि मई-जून में पूरी प्रक्रिया पूरी की जा सके। साथ ही जनगणना कार्य में लगे कर्मचारियों के लिए विशेष प्रावधान किया गया है, जिससे उनके तबादलों को प्रभावित न किया जाए।
सरकार का मानना है कि नई नीति से प्रशासनिक व्यवस्था में संतुलन बनेगा और कार्यकुशलता में सुधार होगा।


