IPS अधिकारी पर विवादित बयान के मामले में : विधायक प्रीतम लोधी ने जताया खेद, CM हाउस पहुंचकर दी सफाई

0

IPS अधिकारी पर विवादित बयान के मामले में : विधायक प्रीतम लोधी ने जताया खेद, CM हाउस पहुंचकर दी सफाई
भोपाल/शिवपुरी। मध्य प्रदेश के शिवपुरी जिले के पिछोर से भाजपा विधायक प्रीतम लोधी ने हाल ही में पुलिस अधिकारी से जुड़े विवाद पर खेद व्यक्त किया है। गुरुवार को वे मुख्यमंत्री आवास पहुंचे, जहां उन्होंने मुख्यमंत्री मोहन यादव और भाजपा प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के सामने अपना पक्ष रखा।
विधायक लोधी ने बताया कि आईपीएस अधिकारी आयुष जाखड़ द्वारा उनके बेटे का जुलूस निकालने की बात कही गई थी, जिससे वे भावुक हो गए थे। इसी नाराजगी में उन्होंने एक वीडियो जारी कर प्रतिक्रिया दी थी, लेकिन अब उन्हें अपने बयान पर अफसोस है। उन्होंने स्पष्ट किया कि भविष्य में वे पार्टी की मर्यादा और दिशा-निर्देशों का पालन करेंगे।
दरअसल, 16 अप्रैल को उनके बेटे दिनेश लोधी ने अपनी थार गाड़ी से पांच लोगों को टक्कर मार दी थी, जिसमें कई लोग घायल हो गए थे। इस घटना के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर कार्रवाई शुरू की थी।
वीडियो से बढ़ा विवाद
पुलिस कार्रवाई से नाराज विधायक ने आरोप लगाया था कि संबंधित अधिकारी ने उनके बेटे को करैरा क्षेत्र में प्रवेश करने से रोकने की बात कही। इसके बाद उन्होंने एक वीडियो जारी कर तीखी प्रतिक्रिया दी थी। वीडियो में उन्होंने पुलिस अधिकारी के घर के बाहर गोबर डालने और समर्थकों के साथ प्रदर्शन करने की चेतावनी दी थी। साथ ही आपत्तिजनक भाषा के उपयोग से मामला और तूल पकड़ गया।
इस पूरे घटनाक्रम को गंभीर मानते हुए भाजपा संगठन ने उन्हें कारण बताओ नोटिस जारी कर तीन दिन के भीतर जवाब देने को कहा था।
पहले भी सुर्खियों में रह चुके हैं लोधी
प्रीतम लोधी का नाम इससे पहले भी विवादों में आ चुका है। अगस्त 2022 में ब्राह्मण समाज और महिलाओं को लेकर दिए गए बयान के कारण भाजपा ने उन्हें छह साल के लिए निष्कासित कर दिया था। हालांकि बाद में उन्होंने माफी मांग ली थी, जिसके बाद उन्हें पार्टी में दोबारा शामिल कर लिया गया था।

Ad 1

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here