CM हाउस के पास फायरिंग से सनसनी, समझौते के 10 मिनट बाद घर के बाहर चली गोलियां

0

CM हाउस के पास फायरिंग से सनसनी, समझौते के 10 मिनट बाद घर के बाहर चली गोलियां

Ad 1

भोपाल। शहर के श्यामलाहिल्स इलाके में बुधवार देर रात उस समय हड़कंप मच गया, जब बाइक पर सवार दो नकाबपोश बदमाशों ने एक युवक के घर के बाहर पहुंचकर हवाई फायरिंग कर दी। बदमाश बिना नंबर की बाइक पर आए थे और घर के बाहर खड़े होकर पहले युवक का नाम जोर-जोर से पुकारा। इसके बाद उन्होंने दो राउंड फायर किए और मौके से फरार हो गए।

जिस युवक को निशाना बनाया गया, उसका हाल ही में एक बदमाश से विवाद चल रहा था। बताया जा रहा है कि वही बदमाश कई दिनों से उसे ढूंढ रहा था। चौंकाने वाली बात यह है कि घटना से करीब 10 मिनट पहले ही दोनों पक्ष श्यामलाहिल्स थाने में आपसी समझौता कर बाहर निकले थे। पीड़ित युवक ने उसी व्यक्ति पर फायरिंग कराने या खुद करने का संदेह जताया है।

पुलिस ने मामले को गंभीरता से लेते हुए अज्ञात आरोपियों के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया है। सीसीटीवी फुटेज में दो नकाबपोश संदिग्ध फायरिंग करते नजर आए हैं, जिनकी तलाश जारी है।

पुलिस के अनुसार, राजकुमार राजपूत श्यामलाहिल्स क्षेत्र में रहकर निजी नौकरी करता है। उसका कोतवाली इलाके में रहने वाले आकाश बाथम से कुछ समय पहले विवाद हुआ था। राजकुमार की मां शारदा बाई किलोल पार्क के पास पेट्रोल पंप के पीछे स्थित बस्ती में रहती हैं। बीते कुछ दिनों से आकाश और उसके साथी राजकुमार की तलाश में वहां भी पहुंच रहे थे।

इस बात की शिकायत शारदा बाई ने थाने में की थी, जिसके बाद थाना प्रभारी नीलम पटवा ने दोनों पक्षों को बुलाकर बातचीत कराई। बुधवार रात करीब 10:30 बजे तक दोनों थाने में मौजूद रहे और आपसी सहमति से मामला सुलझा लिया। लेकिन घर लौटने के कुछ ही देर बाद यह फायरिंग की घटना हो गई।

घटना की सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और घर के बाहर से एक खाली कारतूस बरामद किया। थाना प्रभारी नीलम पटवा ने बताया कि आरोपियों की पहचान अभी नहीं हो सकी है, लेकिन सीसीटीवी के आधार पर उनकी तलाश की जा रही है।

गौरतलब है कि यह घटना मुख्यमंत्री निवास के बेहद नजदीक हुई है। इस अतिसुरक्षित क्षेत्र में 15 दिनों के भीतर यह दूसरी बड़ी घटना है। इससे पहले 10 अप्रैल को डॉक्टर मनोज वर्मा के साथ लूट की वारदात सामने आई थी। लगातार हो रही घटनाओं ने इलाके की सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल खड़े कर दिए हैं।

इसी बीच, पुलिस कमिश्नर संजय कुमार ने गुरुवार को मुख्यमंत्री निवास के आसपास स्थित पॉलिटेक्निक चौराहा और किलोल पार्क चौराहे पर निषेधाज्ञा लागू की थी। इसके बावजूद उसी क्षेत्र में फायरिंग की घटना होना चिंता का विषय बन गया है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here