नरयावली में मुख्यमंत्री दौरे के दौरान कांग्रेसियों का विरोध, बैरिकेडिंग कर रोका गया
सागर। गुरुवार को नरयावली विधानसभा मुख्यालय पहुंचे मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के दौरे के दौरान कांग्रेस कार्यकर्ताओं ने जोरदार विरोध प्रदर्शन किया। मुख्यमंत्री से मुलाकात कर किसानों और आमजन की समस्याएं रखने जा रहे कांग्रेसियों को पुलिस ने नई गल्ला मंडी के पास बैरिकेडिंग कर आगे बढ़ने से रोक दिया।
पूर्व मंत्री सुरेन्द्र चौधरी के नेतृत्व में एकत्रित कांग्रेस कार्यकर्ता काली पट्टी बांधकर और काले झंडे लेकर विरोध जताते हुए नरयावली की ओर बढ़ रहे थे। इस दौरान मौके पर भारी पुलिस बल तैनात रहा। पुलिस और प्रशासनिक अधिकारियों ने प्रदर्शनकारियों को समझाइश देकर आगे बढ़ने से रोका।
प्रदर्शन के दौरान सुरेन्द्र चौधरी ने आरोप लगाया कि भाजपा सरकार किसानों और आमजन की अनदेखी कर रही है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री के दौरे से लोगों को उम्मीद थी कि उनकी समस्याओं का समाधान होगा, लेकिन मुलाकात का समय न मिलने से निराशा हाथ लगी। उन्होंने इसे सरकार का किसान विरोधी चेहरा बताया।
चौधरी ने किसानों की उपज खरीदी में आ रही समस्याओं को उठाते हुए कहा कि पंजीयन में भेदभाव किया जा रहा है, बारदाने की कमी के कारण खरीदी प्रभावित है और भुगतान में भी दिक्कतें आ रही हैं। उन्होंने जिले में बिगड़ती कानून व्यवस्था, बढ़ते अपराध और अवैध शराब, जुआ-सट्टा के कारोबार पर भी सवाल उठाए।
कांग्रेस नेताओं ने चेतावनी दी कि यदि समस्याओं का शीघ्र समाधान नहीं किया गया तो आंदोलन और तेज किया जाएगा।
प्रदर्शन में राकेश राय, आशीष ज्योतिषी, शिवपाल यादव, पुष्पेंद्र सिंह ठाकुर, रवि उमाहिया, अभिषेक गौर, संदीप चौधरी सहित बड़ी संख्या में कांग्रेस कार्यकर्ता मौजूद रहे।


