सागर में स्वास्थ्य विभाग में बड़ा फेरबदल: डॉ. गंगा प्रसाद आर्या हटे, डॉ. देवेश पटैरिया बने नए CMHO
सागर: जिले के स्वास्थ्य विभाग में बड़ा प्रशासनिक बदलाव किया गया है। मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी (सीएमएचओ) डॉ. गंगा प्रसाद आर्या को स्वास्थ्य एवं पारिवारिक कारणों के चलते उनके अनुरोध पर पदभार से मुक्त कर दिया गया है। वहीं, जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. देवेश पटैरिया को आगामी आदेश तक अस्थायी रूप से सीएमएचओ, सागर का प्रभार सौंपा गया है।
कार्यालय कलेक्टर एवं जिला दण्डाधिकारी, सागर द्वारा जारी आदेश के अनुसार, डॉ. गंगा प्रसाद आर्या ने अपने स्वास्थ्य और पारिवारिक समस्याओं का हवाला देते हुए सीएमएचओ के दायित्वों से मुक्त किए जाने का लिखित अनुरोध किया था। जिला प्रशासन ने उनके अनुरोध को स्वीकार करते हुए उन्हें पदभार से मुक्त कर दिया है।
स्वास्थ्य सेवाओं के संचालन में किसी प्रकार की बाधा न आए, इसके लिए जिला मलेरिया अधिकारी डॉ. देवेश पटैरिया को मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी, सागर का अतिरिक्त प्रभार सौंपा गया है। वे आगामी आदेश तक इस जिम्मेदारी का निर्वहन करेंगे।कलेक्टर कार्यालय द्वारा क्रमांक/स्थापना/2026/5516 के तहत जारी यह आदेश 24 जून 2026 से तत्काल प्रभाव से लागू कर दिया गया है। आदेश की प्रतिलिपि लोक स्वास्थ्य एवं चिकित्सा शिक्षा आयुक्त भोपाल, सागर संभाग आयुक्त, राष्ट्रीय स्वास्थ्य मिशन के मिशन संचालक सहित संबंधित विभागों को आवश्यक कार्यवाही के लिए प्रेषित की गई है।


