भीषण गर्मी के चलते बड़ा फैसला: कक्षा 8वीं तक स्कूलों में 4 दिन का अवकाश घोषित
सागर। जिले में लगातार बढ़ते तापमान को देखते हुए प्रशासन ने स्कूली बच्चों के स्वास्थ्य की सुरक्षा के लिए अहम निर्णय लिया है। कलेक्टर प्रतिभा पाल के निर्देश पर जिला शिक्षा अधिकारी (डीईओ) ने आदेश जारी करते हुए नर्सरी, प्री-प्राइमरी से लेकर कक्षा 8वीं तक के सभी स्कूलों में 27 अप्रैल से 30 अप्रैल 2026 तक अवकाश घोषित कर दिया है।
इससे पहले जारी आदेश में केवल कक्षा 5वीं तक छुट्टी और स्कूलों का समय सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक तय किया गया था। लेकिन तापमान में लगातार हो रही बढ़ोतरी को देखते हुए प्रशासन ने दायरा बढ़ाते हुए कक्षा 8वीं तक छुट्टी करने का निर्णय लिया।
वहीं कक्षा 9वीं से 12वीं तक की कक्षाएं पूर्व निर्धारित समयानुसार सुबह 7:30 बजे से दोपहर 12:00 बजे तक संचालित होती रहेंगी।
प्रशासन ने स्पष्ट किया है कि प्राथमिक और माध्यमिक विद्यालयों के शिक्षक स्कूल में उपस्थित रहेंगे और आवश्यक शासकीय कार्य करेंगे। साथ ही, पूर्व निर्धारित परीक्षाएं और अन्य जरूरी कार्यक्रम तय समय-सारणी के अनुसार ही आयोजित किए जाएंगे।
यह आदेश 27 अप्रैल 2026 से प्रभावी रहेगा। बढ़ती गर्मी के बीच लिया गया यह फैसला छात्रों के स्वास्थ्य और सुरक्षा को प्राथमिकता देने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।


