जबलपुर के महापौर कांग्रेस छोड़ भाजपा में हुए शामिल,मुख्यमंत्री ने दिलाई सदस्यता

जबलपुर के महापौर कांग्रेस छोड़ भाजपा में हुए शामिल,मुख्यमंत्री ने दिलाई सदस्यता

जबलपुर। लोकसभा चुनाव के पहले जबलपुर से कांग्रेस को एक बार फिर बड़ा झटका लगा है। जबलपुर शहर के नगर अध्यक्ष और महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू ने कांग्रेस का दामन छोड़ दिया है और अब वह भाजपा में शामिल हो गए हैं। आज भोपाल के बीजेपी कार्यालय में उन्होंने बीजेपी की सदस्यता ली हैं। जहां सीएम मोहन यादव ने उन्हें भाजपा की सदस्यता दिलाई। इस दौरान प्रदेशाध्यक्ष वीडी शर्मा, पूर्व गृहमंत्री नरोत्तम मिश्रा, पीडब्ल्यूडी मंत्री राकेश सिंह, प्रहलाद पटेल भी मौजूद रहे।

गौरतलब है कि जबलपुर से कांग्रेस के नगर अध्यक्ष रहे और महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू सुबह ही भोपाल के लिए रवाना हो गए थे। जिसके बाद तरह-तरह के कयास लगाए जा रहे थे। वहीं अब बीजेपी में शामिल होने के कयास पर मुहर लग गई है। बताया जा रहा है कि जगत बहादुर सिंह अन्नू के साथ 4 से 5 पार्षद भी कांग्रेस का दामन छोड़ भाजपा में शामिल हो सकते हैं। हालांकि यह पार्षद कौन होंगे। अभी इसका खुलासा नहीं हुआ है।
बीजेपी सांसद के प्रत्याशी हो सकते हैं मेयर अन्नू !

महापौर जगत बहादुर सिंह अन्नू के बीजेपी में शामिल होने के बाद यह अटकले शुरू हो गई है कि जबलपुर से भाजपा से सांसद प्रत्याशी जगत बहादुर सिंह अन्नू को बनाया जा सकता है। गौरतलब है कुछ दिन पहले ही कांग्रेस से विधायक प्रत्याशी रही और जिला पंचायत सदस्य एकता ठाकुर ने कांग्रेस का दामन छोड़ था और बीजेपी में शामिल हो गई थी। हालांकि महापौर जगत बहादुर अन्नू से संपर्क करने की कोशिश की गई। लेकिन संपर्क नहीं हो पाया।
कांग्रेस के टिकट पर जीते थे जगत बहादुर अन्नू

नगरीय निकाय चुनाव 2022 में जगत बहादुर अन्नू कांग्रेस के टिकट पर जबलपुर के महापौर चुने गए थे। हाल ही में केंद्रीय मंत्री नितिन गडकरी और मुख्यमंत्री मोहन यादव जब जबलपुर पहुंचे थे तो जगत बहादुर अन्नू ने दोनों से अलग-अलग मुलाकात की थी। इस मुलाकात के बाद अटकलों का दौर शुरू हो गया था।

कमलनाथ के करीबी थे जगत बहादुर अन्नू

जगत बहादुर अन्नू कांग्रेस में पूर्व मुख्यमंत्री कमलनाथ के करीबी हैं। निकाय चुनाव के दौरान कमलनाथ और तरुण भनोट ने उनके लिए सबसे ज्यादा प्रचार किया था। लोकसभा चुनाव से पहले जबलपुर में कांग्रेस के लिए बड़ा झटका है। जबलपुर में नगर निगम में बीजेपी ही बहुमत में हैं, लेकिन अब महापौर को भी अपने पाले में करके भाजपा ने कांग्रेस को तगड़ा झटका दिया है।

वीडी शर्मा की मानी जा रही अहम भूमिका उनकी बीजेपी में एंट्री करवाने में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा और मंत्री राकेश सिंह की भी अहम भूमिका मानी जा रही है। विधानसभा चुनाव के नतीजों के बाद से ही महापौर जगत बहादुर के बीजेपी में जाने की अटकलें शुरू हो गई थी। जगत बहादुर अन्नू की एंट्री में बीजेपी के प्रदेश अध्यक्ष वीडी शर्मा का भी अहम रोल माना जा रहा है। वीडी की सुसराल भी जबलपुर में है।

जबलपुर में 8 में 7 सीटों पर बीजेपी को मिली जीत

2023 के विधानसभा चुनाव में बीजेपी ने जबलपुर में शानदार प्रदर्शन किया है। पार्टी ने जिले की 8 विधानसभा सीटों में से 7 पर जीत हासिल की है। 2018 के विधानसभा चुनाव में यह मार्जिन 4-4 का था। जबलपुर लोकसभा सीट पर भी बीजेपी की मजबूत पकड़ मानी जाती है। पार्टी ने 2014 और 2019 के लोकसभा चुनाव में यहां बड़ी जीत हासिल की थी। ऐसे में जगत बहादुर अन्नू की बीजेपी में एंट्री को लोकसभा चुनाव से जोड़कर भी देखा जा रहा है।

KhabarKaAsar.com
Some Other News

कुछ अन्य ख़बरें

error: इस पेज की जानकारी कॉपी नहीं की जा सकती है|
Scroll to Top