चाकू की नोक पर नाबालिग का अपहरण करने वाला आरोपी गिरफ्तार, युवती सुरक्षित बरामद
सागर। मकरोनिया थाना क्षेत्र के बड़तूमा इलाके से चाकू की नोक पर नाबालिग का अपहरण करने वाले आरोपी को पुलिस ने शुक्रवार को गिरफ्तार कर लिया। पुलिस ने आरोपी के कब्जे से नाबालिग को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया है। आरोपी से घटना के संबंध में पूछताछ की जा रही है।
जानकारी के अनुसार, 15 जून की रात आरोपी शिवांश उर्फ बिट्टू तोमर निवासी शनिचरी गोपालगंज चाकू लेकर नाबालिग के घर पहुंचा था। आरोप है कि उसने नाबालिग की मां पर चाकू से हमला कर उन्हें घायल कर दिया और नाबालिग को अपने साथ लेकर फरार हो गया था।
— Gajendra Thakur (@kka_news) June 19, 2026
घटना का सीसीटीवी फुटेज सामने आने के बाद पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। फुटेज के आधार पर आरोपी की पहचान शिवांश उर्फ बिट्टू तोमर के रूप में हुई। इसके बाद पुलिस की विशेष टीमें उसकी तलाश में जुट गईं और मुखबिर तंत्र को सक्रिय किया गया।
शुक्रवार को पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी बाघराज मल्टी क्षेत्र में घूम रहा है। सूचना मिलते ही पुलिस ने मौके पर पहुंचकर घेराबंदी की। पुलिस को देखते ही आरोपी भागने लगा, लेकिन जवानों ने पीछा कर उसे पकड़ लिया। आरोपी के साथ मौजूद नाबालिग को भी सुरक्षित बरामद कर लिया गया।
प्रारंभिक पूछताछ में आरोपी ने बताया कि वह फरारी के दौरान आर्थिक मदद लेने के लिए अपने एक परिचित के पास जा रहा था। इसी दौरान पुलिस ने उसे दबोच लिया।
सीएसपी ललित कश्यप ने बताया कि नाबालिग का अपहरण करने वाले आरोपी को गिरफ्तार कर लिया गया है। नाबालिग को सुरक्षित दस्तयाब कर उसके बयान दर्ज किए जा रहे हैं। वहीं आरोपी से घटना के संबंध में विस्तृत पूछताछ जारी है।


