जून में अवैध शराब पर पुलिस का बड़ा प्रहार, 2.86 करोड़ रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त
भोपाल। मध्यप्रदेश पुलिस ने प्रदेशभर में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण, परिवहन और बिक्री के खिलाफ व्यापक अभियान चलाते हुए जून माह में अब तक 2 करोड़ 86 लाख रुपये से अधिक मूल्य की अवैध शराब, वाहन एवं अन्य संपत्ति जब्त की है। पुलिस की इस कार्रवाई से अवैध शराब कारोबारियों में हड़कंप मच गया है।
पुलिस मुख्यालय से जारी जानकारी के अनुसार, विभिन्न जिलों में लगातार छापामार कार्रवाई कर बड़ी मात्रा में अवैध शराब और तस्करी में प्रयुक्त वाहनों को जब्त किया गया है।
प्रमुख जिलों में कार्रवाई
झाबुआ में 176 पेटियों से अधिक अवैध शराब और वाहनों सहित करीब 47.71 लाख रुपये की संपत्ति जब्त।
इंदौर एवं इंदौर ग्रामीण में कार्रवाई कर लगभग 37.81 लाख रुपये की संपत्ति जब्त।
खरगोन में शराब, ट्रैक्टर-ट्रॉली, कार और अन्य वाहनों सहित 28.96 लाख रुपये की संपत्ति जब्त।
सागर जिले में सिविल लाइन, बांदरी, जैसीनगर, मालथौन और सुरखी थाना क्षेत्रों में कार्रवाई कर 26.95 लाख रुपये की अवैध शराब एवं वाहन जब्त किए गए।
पन्ना में 2,484 लीटर से अधिक अवैध शराब और पिकअप वाहन सहित 22.50 लाख रुपये से अधिक की संपत्ति जब्त।
बड़वानी में करीब 15 लाख रुपये, छिंदवाड़ा में 10.56 लाख रुपये और छतरपुर में 10.20 लाख रुपये की संपत्ति जब्त की गई।
इसके अलावा नरसिंहपुर, सिंगरौली, अलीराजपुर, विदिशा, सीधी, उज्जैन, भिंड, जबलपुर, नर्मदापुरम, खंडवा, मुरैना, आगर मालवा, डिंडोरी, दमोह और भोपाल ग्रामीण सहित कई जिलों में भी अवैध शराब के खिलाफ बड़ी कार्रवाई की गई।
नशे के नेटवर्क पर लगातार प्रहार
मध्यप्रदेश पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और विक्रय के विरुद्ध अभियान लगातार जारी रहेगा। अपराध और नशे के नेटवर्क को तोड़ने, कानून व्यवस्था को मजबूत बनाने तथा समाज को नशामुक्त बनाने के उद्देश्य से सख्त कार्रवाई की जा रही है।


