सागर को 72 करोड़ की सौगात, राज्य स्तरीय विश्वविद्यालय भी खुलेगा बोले CM डॉ. यादव 

सागर को 72 करोड़ की सौगात, राज्य स्तरीय विश्वविद्यालय भी खुलेगा बोले CM डॉ. यादव 

सागर को दी 72 करोड़ से ज्यादा की सौगात

सागर। सागर में आज विशाल जन आभार यात्रा और अभूतपूर्व स्वागत के बाद जब मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव पीटीसी ग्राउंड स्थित आभार सभा स्थल पहुंचे तो तालियों की गूंज के साथ उनका भव्य स्वागत किया गया। उन्होंने दीप प्रज्वलन अयोध्या के श्री राम मंदिर की प्रतिकृति की पूजा-अर्चना और रामधुन के साथ जनमानस का आभार मानते हुए कार्यक्रम की शुरुआत की। सभा में मुख्यमंत्री ने सागर जिले के लिए 72.97 करोड़ रूपये के विकास कार्यो का लोकार्पण तथा भूमिपूजन किया।

सभा में मुख्यमंत्री ने कहा कि सागर में इस वर्ष जून से राज्य स्तरीय विश्वविद्यालय शुरू किया जाएगा। जिसका सत्र भी इसी वर्ष प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने बुंदेलखंड में रोजगार के नए अवसर के लिए बुंदेलखंड पैकेज की भी घोषणा की जिसके माध्यम से युवाओं और बेरोजगारों को रोजगार मिलेगा। उन्होंने कहा कि सागर में सड़कों के जीर्णोध्दार के लिए भी 25 करोड़ रुपये की राशि दी जाएगी तथा सड़कों के सुधार के लिए जिम्मेदार कंपनी से राशि भी वसूली जाएगी। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने विशाल जन समुदाय को संबोधित करते हुए कहा कि आज समूचे भारत में उत्सव, त्यौहार का माहौल है। प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में देश फिर एक बार दिवाली मना रहा है। उन्होंने कहा कि 22 तारीख का दिन इतिहास में अमर हो जाएगा। डॉ. सर हरि सिंह गौर की यह धरती त्याग, बलिदान और कर्तव्य परायणता के विशेषणों से जानी जाती है। डॉ. हरिसिंह गौर ने सागर को विश्वविद्यालय के रूप में तब ऐसी सौगात दी थी जब इतना बड़ा शिक्षा का केंद्र बनाने की कल्पना भी न की जा सकती थी।

आल्हा ऊदल की परंपरा और शौर्य को बतलाता है बुंदेलखंड

मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि आल्हा ऊदल की परंपरा को जीवंत रखने वाले बुंदेलखंड के लोगों ने कभी सिर नहीं झुकाया और अपनी आजादी किसी को नहीं सौंपी। बलिदान की परंपरा वाली यह धरती, उद्देश्यों के लिए कैसे जीते हैं, यह सिखलाती है।

प्रधानमंत्री श्री मोदी ने बीना रिफाइनरी से खोले हैं नए आयाम

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि बुंदेलखंड में रोजगार के नए आयाम के विस्तार के लिए प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी ने 50 हजार करोड़ रुपए से बीना रिफाइनरी पेट्रोकेमिकल प्रोजेक्ट की सौगात दी है। साथ ही केन-बेतवा लिंक परियोजना के माध्यम से बुंदेलखंड की इस धरा को उपजाऊ बनाने का अभूतपूर्व कार्य शुरू किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अब यह धरती पंजाब को भी पीछे छोड़ेगी और यहां लहलहाती फसलें दिखाई देंगी जिससे स्वरोजगार के साथ खेती भी उन्नत होगी।

इसके साथ ही जिले में 100 करोड़ रुपए की लागत से संत शिरोमणि रविदास मंदिर का भी भूमिपूजन हुआ है। संत रविदास जी के विचार वर्तमान युग में भी प्रासंगिक हैं। यहां 10 करोड़ रुपए की लागत से लव कुश भगवान का मंदिर भी बनने वाला है। सागर जिले और बुंदेलखंड क्षेत्र में कई विकास कार्य प्रचलन में है। मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने 22 जनवरी के ऐतिहासिक पल के लिए सभी को अग्रिम शुभकामनाएं देते हुए कहा कि सभी उन क्षणों को अपने-अपने घरों में दीवाली के उत्सव के रूप में मनाने का संकल्प लें।

विभिन्न योजनाओं के तहत किया हितलाभ वितरण

मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने विभिन्न योजनाओं के अंतर्गत हितग्राहियों को हितलाभ का वितरण भी किया। इसके अंतर्गत उज्ज्वला योजना की हितग्राही श्रीमती शोभारानी पटेल,  द्रोपति अहिरवार, पीएम स्वनिधि योजना के अंतर्गत हितग्राही  बाबूलाल रैकवार,  विनीता रैकवार, प्रधानमंत्री मातृ वंदना योजना अंतर्गत हितग्राही  पूजा शुक्ला, श्रीमती सुलेखा अहिरवार, आयुष्मान कार्ड का लाभ प्राप्त कर चुकी हितग्राही श्रीमती सविता दुबे,  ज्योति पटैल पति राजू, स्वाईल हेल्थ कार्ड योजनान्तर्गत हितग्राही  चन्द्रभान कुर्मी,  धीरज सिंह सिंह ठाकुर, प्रधानमंत्री किसान सम्मान के अंतर्गत मनीष पिता ज्वाला प्रसाद,  महेश चढ़ार आदि ने हित लाभ प्राप्त किया।

इस अवसर पर केंद्रीय सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता मंत्री डॉ वीरेंद्र कुमार ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव सागर संभाग में पहली बार आए हैं। डॉ यादव महाकाल की नगरी से आए हैं, जो हमेशा देने का कार्य करती आई है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के मार्गदर्शन में संपूर्ण सागर संभाग का विकास होगा।

खाद्य नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता संरक्षण मंत्री श्री गोविंद सिंह राजपूत ने कहा कि यह मुख्यमंत्री डॉ. यादव की दूरदृष्टि का ही परिणाम है जो कुछ दिन पहले हुई कैबिनेट मीटिंग में उन्होंने मध्य प्रदेश के हर जिले में मेडिकल कॉलेज खोले जाने की भावना व्यक्त की। इसके साथ ही उन्होंने बुंदेलखंड, बघेलखंड में भी उद्योगों की स्थापना की बात रखी। उन्होंने कहा कि एक जमाने में सागर को कस्बा माना जाता था, पर आज सागर अपने विकास कार्यों के लिए भी जाना जाता है। श्री राजपूत ने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव के नेतृत्व में सागर के हजारों नौजवान साथियों की राज्य स्तरीय विश्वविद्यालय की मांग को साकार रूप मिल सकेगा।

सांसद  वी.डी. शर्मा ने कहा कि अब कुछ ही घंटे बचे हैं, जब अयोध्या में  रामलला विराजमान होंगे। प्रधानमंत्री  नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में यह कार्य मूर्तरूप ले रहा है। विकसित भारत संकल्प यात्रा के माध्यम से भी अंतिम पंक्ति के व्यक्ति और वंचितों को लाभ पहुंचाया जा रहा है। उन्होंने कहा कि बुंदेलखंड में भी उद्योगों को बढ़ावा दिया जाएगा। सागर ,छतरपुर खजुराहो सभी जगह मैनपावर की कमी नहीं है। सांसद श्री राज बहादुर सिंह ने डॉ. यादव का स्वागत करते हुए कहा कि, कहा कि सागर नगर में जब राजघाट बांध नहीं था तब यहां पानी की बहुत समस्या थी। राजघाट बांध ने सभी को बहुत सुकून दिया है। परंतु लगातार जनसंख्या विस्तार होने के कारण राजघाट फेस-प्प् की आवश्यकता महसूस होती है। सागर विधायक श्री शैलेंद्र जैन ने कहा कि आज बुंदेलखंड का सौभाग्य है कि इस धरा पर मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का अभूतपूर्व स्वागत-अभिनंदन किया गया है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री डॉ. यादव पहले भी सागर में उच्च शिक्षा मंत्री के रूप में कई बार दौरे कर चुके हैं। उन्होंने राज्य स्तरीय विश्वविद्यालय तथा सड़कों के जीर्णोद्धार के लिए 25 करोड़ रुपए की राशि आवंटित करने की मांग रखी।

मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने सागर जिले के लिए 62.03 करोड़ के विकास कार्यो का लोकार्पण तथा 10.94 करोड़ के निर्माण कार्यो का किया भूमिपूजन

आभार सभा में मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने सागर जिले के लिए 62.03 करोड़ के विकास कार्यो का लोकार्पण तथा 10.94 करोड़ के निर्माण कार्यो का भूमिपूजन किया। उन्होंने सागर स्मार्ट सिटी द्वारा निर्मित किये गये 26.80 करोड़ के बस टर्मिनल, 13.87 करोड़ के ट्रांसपोर्ट नगर एवं मैकेनिकल कॉम्पलेक्स, 6 करोड़ के 20 चाईल्ड वेलफेयर सेंटर (आंगनवाड़ी) एवं 42 लाख रूपये से 2 जोनल सिटीजन फैसिलिटेशन सेंटर का लोकार्पण किया। उन्होंने लोक निर्माण विभाग द्वारा निर्मित 1.94 करोड़ के कनेरा गोड से मनक्याई मार्ग -लंबाई 2 कि.मी. एवं 3.57 करोड़ के लरेठी से तहरोली अब्दापुर मार्ग – लंबाई 3.10 कि.मी. तथा नगर निगम द्वारा निर्मित 1.17 करोड़ के मीट मार्केट का लोकार्पण भी किया। इसके अतिरिक्त उन्होंने म.प्र. ग्रामीण सड़क विकास प्राधिकरण के द्वारा निर्मित 8.26 करोड़ के एन.एच से रवारा से बुढ़ना (एमडीआर) मार्ग का लोकार्पण भी किया। आभार सभा में मुख्यमंत्री डा. मोहन यादव ने स्वास्थ्य एवं परिवार कल्याण विभाग द्वारा निर्मित किये जाने वाले 10.94 करोड़ रूपये के विकास कार्यो का भूमिपूजन किया। इस राशि से अनुसूचित जाति उपयोजना क्षेत्र अंतर्गत 6 बिस्तरीय प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र नरयावली विकासखंड, राहतगढ़ का 30 बिस्तरीय सामुदायिक स्वास्थ्य केन्द्र मय 2 एफ, 2 जी. एवं 2 एच टाईप आवास गृह सहित उन्नयन/निर्माण कार्य का होंगे।

 

KhabarKaAsar.com
Some Other News

कुछ अन्य ख़बरें

error: इस पेज की जानकारी कॉपी नहीं की जा सकती है|
Scroll to Top