मुख्यमंत्री के दौरे से पहले प्रशासनिक अमला मैदान में, हेलीपैड से सभा स्थल तक तैयारियों की जांच
सागर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का 14 जून 2026 दिन रविवार को सागर जिले के केसली विकासखंड में आगमन प्रस्तावित है। प्रस्तावित आगमन एवं आयोजित कार्यक्रम को लेकर देवरी विधायक श्री ब्रज बिहारी पटेरिया ने कमिश्नर सागर संभाग श्री अनिल सुचारी, पुलिस महानिरीक्षक मिथिलेश शुक्ला, कलेक्टर प्रतिभा पाल सहित अन्य अधिकारियों के साथ कार्यक्रम स्थल का निरीक्षण किया एवं व्यवस्थाओं को लेकर समीक्षा की। उन्होंने कहा कि मौसम को देखते हुए समुचित व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं ताकि आगंतुकों एवं आमजन को कोई भी असुविधा न हो। निरीक्षण के दौरान मंच, बैठक व्यवस्था, पार्किंग, आवागमन मार्ग, हेलीपैड, सभा स्थल सहित अन्य स्थानों का जायजा लिया।
संभाग कमिश्नर अनिल सुचारी ने अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल पर सभी व्यवस्थाएं समय-सीमा में पूर्ण की जाएं। उन्होंने कहा कि हेलीपैड स्थल सहित अन्य कार्यक्रम स्थलों का कार्य शीघ्र पूरा किया जाए तथा आगंतुकों के लिए समुचित आवागमन व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही पेयजल, विद्युत एवं स्वच्छता जैसी मूलभूत सुविधाओं को प्राथमिकता के साथ व्यवस्थित करने के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान आमजन की सुविधा को ध्यान में रखते हुए पार्किंग, यातायात नियंत्रण तथा सुरक्षा के व्यापक इंतजाम किए जाएं। साथ ही सभी संबंधित अधिकारी अपने-अपने दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करें।
पुलिस महानिरीक्षक मिथिलेश शुक्ला ने सुरक्षा व्यवस्थाओं के संबंध में अधिकारियों को निर्देश दिए कि कार्यक्रम स्थल एवं आसपास के क्षेत्रों में सुरक्षा के पुख्ता इंतजाम किए जाएं। उन्होंने कहा कि पुलिस बल की पर्याप्त तैनाती सुनिश्चित की जाए तथा यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए विशेष योजना तैयार की जाए। इसके अलावा, उन्होंने संवेदनशील स्थानों पर विशेष निगरानी रखने और आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए त्वरित कार्यवाही दल की तैनाती के निर्देश भी दिए। उन्होंने कहा कि कार्यक्रम के दौरान आमजन की सुरक्षा सर्वाेच्च प्राथमिकता होनी चाहिए।
कलेक्टर प्रतिभा पाल ने निर्देश दिए कि मौसम को देखते हुए सभी व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जावे उन्होंने निर्देश दिए की कार्यक्रम स्थल, पार्किंग स्थल, हेलीपैड पर भी सभी आवश्यक व्यवस्था सुनिश्चित की जाए जिसमें पेयजल, शौचालय, पार्किंग, विद्युत आपूर्ति, जल निकासी सहित अन्य व्यवस्थाएं समय के पूर्व की जाए। उन्होंने कहा कि हेलीपैड से कार्यक्रम स्थल तक सड़क मार्ग को आवागमन की दृष्टि से साथ रखें। उन्होंने निर्देश दिए की सभी कार्यक्रम स्थलों पर एम्बुलेंस के साथ डॉक्टर मेडिसिन उपलब्ध रहे।
इस अवसर पर उप पुलिस महानिरीक्षक एस एस चौहान, पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया, जिला पंचायत सीईओ विवेक केवी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा, एसडीएम केसली श्रीमती राजनंदनी शर्मा, एसडीएम सागर श्री अमन मिश्रा, एसडीएम देवरी श्री मुनव्वर खान सहित अन्य अधिकारी उपस्थित रहे।


