सागर में महिला पर देर रात तेजाबनुमा पदार्थ से हमला, पीठ झुलसी; पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

0

सागर में महिला पर देर रात तेजाबनुमा पदार्थ से हमला, पीठ झुलसी; पुलिस हर पहलू से कर रही जांच

सागर। शहर के कैंट थाना क्षेत्र में शुक्रवार देर रात एक महिला पर तेजाबनुमा ज्वलनशील पदार्थ फेंके जाने की घटना सामने आई है। हमले में महिला की पीठ पेट झुलस गया जिसके बाद उन्हें उपचार के लिए बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज (बीएमसी) में भर्ती कराया गया।

पुलिस मामले की जांच में जुटी हुई है और घटना के पीछे की वजह तलाशने का प्रयास कर रही है।
जानकारी के अनुसार विट्ठल नगर निवासी 36 वर्षीय अर्चना अहिरवार, पति अरविंद अहिरवार, रात के समय मेडिकल स्टोर से दवा लेकर पैदल अपने घर लौट रही थीं। इसी दौरान कजलीवन मैदान के पास दो अज्ञात युवक उनके करीब पहुंचे और उन पर ज्वलनशील पदार्थ फेंक दिया। पदार्थ के संपर्क में आते ही अर्चना की पीठ झुलस गई हालांकि महिला ने क्षेत्र के एक पूर्व पार्षद पर भी आरोप लगाये है।

अचानक हुए हमले से घबराई महिला ने मदद के लिए शोर मचाया। उनकी आवाज सुनकर आसपास के लोग और परिजन मौके पर पहुंचे। इसके बाद घायल महिला को तत्काल जिला अस्पताल ले जाया गया। प्राथमिक उपचार के बाद डॉक्टरों ने उनकी हालत को देखते हुए उन्हें बुंदेलखंड मेडिकल कॉलेज रेफर कर दिया, जहां उनका इलाज चल रहा है।

घटना की सूचना मिलते ही कैंट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जांच शुरू कर दी। पुलिस अधिकारियों के अनुसार जिस स्थान पर वारदात हुई, वहां सीसीटीवी कैमरे उपलब्ध नहीं हैं। ऐसे में आरोपियों तक पहुंचने के लिए आसपास के मार्गों और नजदीकी क्षेत्रों में लगे कैमरों के फुटेज खंगाले जा रहे हैं।

प्रारंभिक जांच में अभी तक हमले का स्पष्ट कारण सामने नहीं आया है। पुलिस सभी संभावित पहलुओं को ध्यान में रखते हुए मामले की पड़ताल कर रही है।
कैंट थाना प्रभारी रोहित डोंगरे ने बताया कि महिला ने अपने ऊपर ज्वलनशील पदार्थ से हमला किए जाने की जानकारी दी है। पूछताछ के दौरान उन्होंने कुछ लोगों के नाम भी बताए हैं, जिनके आधार पर पुलिस जांच आगे बढ़ा रही है।

थाना प्रभारी के मुताबिक प्रथम दृष्टया मामला कुछ संदेहास्पद प्रतीत हो रहा है। इसी वजह से पुलिस किसी एक निष्कर्ष पर पहुंचने के बजाय हर पहलू की गहन जांच कर रही है। महिला द्वारा बताए गए संदिग्ध व्यक्तियों से भी पूछताछ की जा रही है। अधिकारियों का कहना है कि जांच पूरी होने के बाद ही घटना की वास्तविक परिस्थितियां स्पष्ट हो सकेंगी।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here