सागर पुलिस में बढ़ी अनुशासन की कसावट, एसपी अनुराग सुजानिया की सख्ती से पुलिसिंग में आया बदलाव
सागर। जिले की पुलिस व्यवस्था को अधिक अनुशासित, जवाबदेह और पारदर्शी बनाने के उद्देश्य से पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया लगातार पुलिसिंग पर विशेष फोकस कर रहे हैं। शुक्रवार को पुलिस लाइन में आयोजित जनरल परेड के दौरान उन्होंने पुलिस बल की कार्यप्रणाली की समीक्षा की, परेड की सलामी ली और अधीनस्थ अधिकारियों-कर्मचारियों की समस्याएं सुनकर उनके शीघ्र निराकरण के निर्देश दिए।

जनरल परेड में सलामी आरआई राजेश कुमार एवं आरआई धर्मेंद्र ठाकुर द्वारा दी गई। इस दौरान अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक नरेंद्र सिंह सोलंकी, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक जयदीप भदौरिया, डीएसपी मयंक सिंह चौहान, सीएसपी ललित कश्यप, एसडीओपी बीना, आरआई नीतेश वैकर सहित शहर के सभी थाना प्रभारी, थानों एवं पुलिस लाइन के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।

एसपी अनुराग सुजानिया के कार्यभार संभालने के बाद जिले में पुलिस अमले पर अनुशासन की कसावट लगातार बढ़ी है। थानों की कार्यप्रणाली की नियमित मॉनिटरिंग की जा रही है और अधिकारियों की जवाबदेही तय की जा रही है। सूत्रों के अनुसार देर रात तक थाना प्रभारियों को अपने-अपने थाना क्षेत्र में मौजूदगी सुनिश्चित करने के लिए जीपीएस लोकेशन के साथ फोटो भेजना अनिवार्य किया गया है, जिससे यह स्पष्ट हो सके कि संबंधित अधिकारी वास्तव में अपने क्षेत्र में मौजूद हैं।
इसके साथ ही थानों की गश्त व्यवस्था, आमद-रवानगी रजिस्टर और ड्यूटी संचालन में भी पारदर्शिता पर विशेष जोर दिया जा रहा है। थाना प्रभारियों की फील्ड मौजूदगी, रात्रि भ्रमण और अपराध नियंत्रण की गतिविधियों की लगातार समीक्षा की जा रही है। पुलिस मुख्यालय से लेकर जिला स्तर तक मॉनिटरिंग बढ़ने के कारण पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों में कार्य के प्रति गंभीरता भी देखने को मिल रही है।
जनरल परेड के दौरान एसपी ने अधीनस्थ अधिकारियों एवं कर्मचारियों की समस्याएं सुनते हुए उनके समयबद्ध निराकरण के निर्देश दिए। उन्होंने स्पष्ट किया कि अनुशासन, सक्रिय पुलिसिंग, जनता से बेहतर व्यवहार और अपराधों पर त्वरित कार्रवाई ही पुलिस की प्राथमिकता है। जिले में लागू नई कार्यप्रणाली का उद्देश्य पुलिस व्यवस्था को अधिक प्रभावी, जवाबदेह और जनविश्वास के अनुरूप बनाना है।


