मकरोनिया के निजी अस्पताल में सुरक्षा गार्ड के पद पर कार्यरत थे दोनों युवक, सड़क पर फैली मुरम को ग्रामीणों ने हादसे की वजह बताया
सागर। बहेरिया थाना क्षेत्र में सोमवार को एक दर्दनाक सड़क हादसे में बाइक सवार दो युवकों की जान चली गई। ग्राम कर्रापुर के पास बंडा रोड पर पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि दोनों युवक उछलकर सड़क पर जा गिरे। गंभीर रूप से घायल दोनों युवकों को अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने जांच के बाद उन्हें मृत घोषित कर दिया।
प्रत्यक्ष जानकारी के अनुसार, दोनों युवक मकरोनिया क्षेत्र स्थित एक निजी अस्पताल में सुरक्षा गार्ड के रूप में काम करते थे। सोमवार को वे बाइक से अपने गांव लौट रहे थे। इसी दौरान कर्रापुर के नजदीक पीछे से आ रही तेज रफ्तार कार ने उनकी बाइक को अपनी चपेट में ले लिया। हादसे में दोनों युवकों की मौके पर हालत गंभीर हो गई। टक्कर के कारण कार भी क्षतिग्रस्त हो गई।
प्रारंभिक जांच में मृतकों की पहचान ग्राम गोरा के वार्ड नंबर 12 निवासी मनोज पिता भागीरथ सेन (38) और धर्मेंद्र राय के रूप में हुई है। पुलिस ने दोनों के परिजनों को हादसे की जानकारी दे दी है। वहीं, आवश्यक पंचनामा कार्रवाई के बाद शवों को पोस्टमार्टम के लिए अस्पताल भेजा गया। पुलिस मामले की जांच कर रही है।
सड़क पर डाली गई मुरम को लेकर ग्रामीणों में नाराजगी
हादसे के बाद घटनास्थल पर पहुंचे ग्रामीणों ने सड़क की स्थिति को लेकर नाराजगी जताई। उनका आरोप है कि फोरलेन सड़क पर निजी स्तर पर मुरम डाली गई है। सड़क पर फैली इसी मुरम के कारण कार चालक वाहन पर नियंत्रण नहीं रख पाया और कार अनियंत्रित होकर आगे चल रही बाइक से जा टकराई।
ग्रामीणों ने प्रशासन से मांग की है कि सड़क पर पड़ी मुरम को जल्द हटवाया जाए, ताकि भविष्य में इस तरह के हादसों को रोका जा सके। उनका कहना है कि सड़क पर इस तरह मुरम पड़े रहने से वाहन चालकों के लिए दुर्घटना का खतरा बना हुआ है।








