बोलेरो-पिकअप की आमने-सामने भिड़ंत, आरक्षक सहित 5 घायल; वारंटी को जेल छोड़कर लौट रही थी बोलेरो
सागर। देवरी कला के गौरझामर थाना क्षेत्र अंतर्गत सुजानपुर के पास बोलेरो और पिकअप वाहन के बीच आमने-सामने जोरदार टक्कर हो गई। हादसे में केसली थाने के आरक्षक सहित कुल पांच लोग घायल हो गए। घायलों को उपचार के लिए अस्पताल पहुंचाया गया है।
जानकारी के अनुसार केसली थाने में पदस्थ आरक्षक सुनील, नगर रक्षा समिति के सदस्य बृजेंद्र और बोलेरो चालक एक वारंटी को रहली जेल छोड़ने गए थे। जेल में वारंटी को छोड़ने के बाद तीनों बोलेरो से वापस लौट रहे थे। इसी दौरान सुजानपुर के पास सामने से आ रही पिकअप से बोलेरो की जोरदार भिड़ंत हो गई।
वहीं पिकअप में सवार अनिकेत के अनुसार वे गौरझामर से बाजार करके अपने घर सुजानपुर लौट रहे थे। तभी सामने से आ रही बोलेरो ने लापरवाहीपूर्वक टक्कर मार दी। हादसे में पिकअप सवार हर्ष पटेल, कक्षा पांचवीं में पढ़ने वाला नाबालिग छात्र मानसिंह कुशवाहा सहित तीन लोग घायल हुए हैं।
केसली थाना प्रभारी बघेल ने बताया कि एक आरोपी को जेल छोड़ने आरक्षक सुनील, नगर रक्षा समिति के सदस्य और चालक बोलेरो से रहली जेल गए थे। लौटते समय गौरझामर थाना क्षेत्र में पिकअप से बोलेरो की टक्कर हो गई। हादसे में आरक्षक सुनील सहित अन्य लोग घायल हुए हैं, जिनका उपचार कराया जा रहा है।
हादसे को लेकर गौरझामर थाना प्रभारी से भी जानकारी ली गई, लेकिन उन्होंने घटना अपने थाना क्षेत्र की होने की पुष्टि करते हुए विस्तृत जानकारी के लिए केसली थाना प्रभारी से संपर्क करने को कहा।








