हरे माधव प्राकट्य दिवस पर सत्संग में शामिल हुए भाजपा मीडिया पैनलिस्ट रिशांक तिवारी
संत परंपरा और पारिवारिक संस्कारों को बताया भारतीय संस्कृति की पहचान, बालक की आध्यात्मिक समझ से हुए प्रभावित
सागर। हरे माधव प्राकट्य दिवस के अवसर पर जीवनमुक्त सतगुरु बाबा ईश्वरशाह साहिब जी के पावन सानिध्य में आयोजित धार्मिक एवं आध्यात्मिक कार्यक्रम में भाजपा प्रदेश मीडिया पैनलिस्ट रिशांक तिवारी शामिल हुए। उन्होंने हरे माधव जी के दर्शन कर आशीर्वाद प्राप्त किया और श्रद्धालुओं के साथ सत्संग में सहभागिता की।
इस अवसर पर हरे माधव दरबार साहिब, सिंधी कैंप से प्रभातफेरी निकाली गई, जो शहर के विभिन्न मार्गों से होते हुए आईटीआई के सामने स्थित हरे माधव सत्संग भवन पहुंची। यहां सत्संग का आयोजन हुआ। कार्यक्रम में बड़ी संख्या में श्रद्धालु शामिल हुए। एलईडी के माध्यम से बाबाजी की बाल लीलाओं का चित्रण किया गया। सत्संग के बाद हरे माधव ब्रह्मभोज आयोजित हुआ।
रिशांक तिवारी ने कहा कि संतों की शिक्षाएं मनुष्य को प्रेम, सेवा, समर्पण और सद्भाव के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देती हैं। संत परंपरा भारतीय संस्कृति और सामाजिक एकता की महत्वपूर्ण पहचान है। पारिवारिक संस्कार और आध्यात्मिक शिक्षा समाज को सही दिशा देने में अहम भूमिका निभाते हैं।
उन्होंने बताया कि सत्संग के दौरान उनके पास बैठे लगभग 15 वर्षीय बालक ने जिस आत्मीयता और श्रद्धा के साथ हरे माधव जी एवं संत परंपरा के बारे में जानकारी साझा की, वह उनके लिए बेहद प्रेरणादायक अनुभव रहा। इतनी कम उम्र में अपनी संस्कृति और आध्यात्मिक परंपरा के प्रति बालक का जुड़ाव देखकर उन्हें प्रसन्नता हुई।
उन्होंने कहा कि बच्चों को संस्कार देने में माताओं और बहनों की महत्वपूर्ण भूमिका होती है। मां ही बच्चे को शुरुआती संस्कारों के साथ अपनी संस्कृति, धर्म और संत परंपरा से परिचित कराती है। आधुनिक शिक्षा के साथ नई पीढ़ी को भारतीय संस्कृति, आध्यात्मिक ज्ञान और नैतिक मूल्यों से जोड़ना भी जरूरी है।
कार्यक्रम में हरे माधव समिति अध्यक्ष हरगुन पंजवानी, वार्ड पार्षद कैलाश हासानी, सुरेश हसरेजा, कमल हिंदूजा, अनिल लालवानी, मुकेश परयानी, विनोद सोनवानी, मीनू सुंदरानी, संजय संगतानी, संतू पोप्तानी, दक्ष सुखवानी, ऋषि हसरेजा, प्रिंस परयानी, पीयूष, रोशन एवं मेहुल संगतानी सहित सिंधी समाज के अनेक गणमान्य नागरिक और श्रद्धालु उपस्थित रहे।
अंत में रिशांक तिवारी ने हरे माधव प्राकट्य दिवस की शुभकामनाएं देते हुए सभी के सुख, शांति और समृद्धि की कामना की।








