बाबू बालचंद मलैया की पुण्यतिथि पर रोपे गए 11 दुर्लभ फलदार वृक्ष, तीन पीढ़ियों ने मिलकर किया पौधरोपण
तिली बगीचा में जापान की चर्चित मियाँजाकी आम सहित 11 विशेष प्रजातियों का रोपण, प्रकृति प्रेम की विरासत को आगे बढ़ाने का संकल्प
सागर। बुंदेलखंड के प्रतिष्ठित उद्योगपति, समाजसेवी एवं आध्यात्मिक मनीषी स्व. बाबू बालचंद मलैया की पुण्यतिथि पर रविवार को तिली स्थित मलैया बगीचा में विशेष पौधरोपण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उनकी स्मृति में 11 दुर्लभ एवं फलदार प्रजातियों के पौधे रोपे गए। कार्यक्रम की खास बात यह रही कि परिवार की तीन पीढ़ियों ने एक साथ पौधरोपण कर पर्यावरण संरक्षण का संदेश दिया।
विचार समिति के अध्यक्ष एवं समाजसेवी कपिल मलैया के नेतृत्व में आयोजित कार्यक्रम में बाबू बालचंद मलैया के सुपुत्र श्रेणिक मलैया, महेश मलैया, बहू सरोज मलैया, पौत्र विनय मलैया, कपिल मलैया, पौत्र बहू शालिनी मलैया, प्रीति मलैया तथा प्रपौत्र कार्तिक और रितिक मलैया ने पौधे रोपकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इस अवसर पर कमरख (स्टार फ्रूट), कटहल, शहतूत, चीकू, नींबू, अमरूद सहित जापान की प्रसिद्ध मियाँजाकी आम प्रजाति के पौधों का रोपण किया गया। मियाँजाकी आम अपने विशिष्ट स्वाद, गहरे लाल रंग और उच्च गुणवत्ता के लिए दुनिया भर में चर्चित है। तिली बगीचा के अलावा शहर के अन्य प्रमुख स्थानों पर भी फलदार पौधे लगाए गए।
उल्लेखनीय है कि स्व. बाबू बालचंद मलैया का निधन 29 नवंबर 2001 को हुआ था। उन्होंने वर्ष 1938 और 1944 में तिली बगीचे की बंजर भूमि को अपने प्रयासों से हरे-भरे उद्यान में बदलने का कार्य किया था। हजारों फलदार वृक्षों और पुष्पों से सुसज्जित इस वाटिका के पीछे उनका प्रकृति प्रेम और पर्यावरण के प्रति समर्पण रहा।
कपिल मलैया ने कहा कि बाबूजी की पुण्यतिथि को केवल श्रद्धांजलि तक सीमित न रखकर हरियाली, जैव विविधता और स्वच्छ पर्यावरण के संकल्प से जोड़ना ही उनके प्रति सच्ची कार्यांजलि है।
कार्यक्रम में अनेक वरिष्ठ समाजसेवी, परिचित और पर्यावरण प्रेमी उपस्थित रहे।








