सागर में भाजपा की पदयात्रा और आमसभा स्थगित, नई तारीख का बाद में होगा ऐलान
सागर। भारतीय जनता पार्टी ने 29 नवंबर को सागर में प्रस्तावित पदयात्रा और आमसभा स्थगित कर दी है। पार्टी के ‘लोकतंत्र बचाओ-अराजकता हटाओ’ अभियान के तहत होने वाले इस आयोजन में भाजपा के पूर्व राष्ट्रीय अध्यक्ष जेपी नड्डा, मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव और प्रदेश अध्यक्ष हेमंत खंडेलवाल के शामिल होने का कार्यक्रम प्रस्तावित था।
सागर के भाजपा जिलाध्यक्ष श्याम तिवारी ने कार्यक्रम स्थगित होने की पुष्टि करते हुए बताया कि आयोजन की नई तारीख और आगामी कार्ययोजना के संबंध में बाद में जानकारी दी जाएगी।
कार्यक्रम को लेकर भाजपा संगठन पिछले कई दिनों से बड़े स्तर पर तैयारियां कर रहा था। सागर सहित आसपास के क्षेत्रों से बड़ी संख्या में पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं के पहुंचने की योजना थी। आयोजन की तैयारियों को लेकर संगठन की बैठकें भी चल रही थीं सागर शहर में बैनर पोस्टर स्वागत टेंट आदी भी लग चुके थे ऐन वक्त पर रैली सभा रद्द की गई हैं।
कांग्रेस ने ली चुटकी, नायक बोले इतने सालों से अराजकता कौन फैला रहा
कार्यक्रम स्थगित होने से राजनीतिक चर्चाएं तेज हो गई हैं। कांग्रेस के प्रदेश मीडिया विभाग अध्यक्ष मुकेश नायक ने पत्रकार गजेन्द्र ठाकुर से बात करते हुए भाजपा के इस अभियान पर सवाल उठाते हुए तंज कसा वे बोले केंद्र में 12 साल और प्रदेश में 22 साल से भाजपा की सरकार है, तो फिर अराजकता कौन फैला रहा है और लोकतंत्र खतरे में किससे है?
नायक ने आरोप लगाया कि वोट चोरी के मुद्दे पर पर्दाफाश होने के बाद भाजपा रैलियों और सभाओं के जरिए जनता को भ्रमित करने की कोशिश कर रही है। सागर का कार्यक्रम स्थगित होने पर उन्होंने चुटकी लेते हुए कहा कि शायद भाजपा को समझ आ गया है कि जनता अब सब समझ चुकी है।
फिलहाल भाजपा की ओर से कार्यक्रम स्थगित करने का कारण स्पष्ट नहीं किया गया है। नई तारीख की घोषणा के बाद ही आयोजन की अगली तस्वीर साफ होगी।








