वन्यजीव संरक्षण में मध्यप्रदेश देश का अग्रणी राज्य, 9 टाइगर रिजर्व से बढ़ेगा पर्यटन
85,724 वर्ग किलोमीटर वन एवं वृक्ष आवरण के साथ देश में पहले स्थान पर मध्यप्रदेश, मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व और रोजगार को मिलेगा बढ़ावा
भोपाल। वन्यजीव संरक्षण और जैव-विविधता के क्षेत्र में मध्यप्रदेश देश का अग्रणी राज्य बनकर उभरा है। प्रदेश के राष्ट्रीय उद्यान और अभयारण्य वन्यजीवों के संरक्षण के साथ मानव-वन्यजीव सह-अस्तित्व की मिसाल पेश कर रहे हैं। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा है कि प्रदेश के 9 टाइगर रिजर्व वन्यजीव पर्यटन को नई ऊंचाइयों तक ले जाएंगे।
भारत वन स्थिति रिपोर्ट-2024 के अनुसार, मध्यप्रदेश 85,724 वर्ग किलोमीटर वन एवं वृक्ष आवरण के साथ देश में पहले स्थान पर है। इसमें 77,073 वर्ग किलोमीटर वन आवरण शामिल है, जो देश में सर्वाधिक है। मध्यप्रदेश ने वर्ष 1973 में सबसे पहले वन्यजीव संरक्षण अधिनियम लागू किया था। सतपुड़ा टाइगर रिजर्व को यूनेस्को की विश्व धरोहर स्थलों की संभावित सूची में भी शामिल किया गया है।
प्रदेश में सबसे अधिक 9 टाइगर रिजर्व
मध्यप्रदेश में देश के सर्वाधिक 9 टाइगर रिजर्व हैं। इनमें कान्हा, पेंच, बांधवगढ़, पन्ना, सतपुड़ा, वीरांगना दुर्गावती, संजय-डुबरी, रातापानी और माधव टाइगर रिजर्व शामिल हैं। इसके अलावा प्रदेश में 11 राष्ट्रीय उद्यान और 24 अभयारण्य हैं। सफेद बाघों के संरक्षण और पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए मुकुंदपुर में व्हाइट टाइगर सफारी विकसित की गई है।
प्रदेश में टाइगर रिजर्व की शुरुआत वर्ष 1973 में कान्हा-किसली राष्ट्रीय उद्यान को टाइगर रिजर्व घोषित किए जाने के साथ हुई थी। इसके बाद पेंच को 1992, पन्ना और बांधवगढ़ को 1993-94, संजय को 2011, वीरांगना दुर्गावती को 2023, रातापानी को 2024 और माधव को 2025 में टाइगर रिजर्व घोषित किया गया।
कान्हा-किसली, पेंच और सतपुड़ा टाइगर रिजर्व देश के शीर्ष 10 टाइगर रिजर्व में शामिल हैं।
पर्यटन और रोजगार के नए अवसर
रातापानी और माधव टाइगर रिजर्व के विकास से वन्यजीव संरक्षण को मजबूती मिलने के साथ पर्यटन गतिविधियों में भी वृद्धि की उम्मीद है। इन क्षेत्रों में स्थानीय लोगों के लिए रोजगार के नए अवसर सृजित होंगे। रातापानी टाइगर रिजर्व भोपाल के नजदीक, जबकि माधव टाइगर रिजर्व शिवपुरी के समीप स्थित है। शहरों से नजदीकी के कारण इन क्षेत्रों में पर्यटकों की आवाजाही बढ़ने की संभावना है।
मानव-वन्यजीव संघर्ष कम करने पर जोर
वन्यजीव संरक्षण को प्रभावी बनाने के लिए प्रदेश में वन्यजीव कॉरिडोर विकसित किए गए हैं। इसके साथ ही 14 क्षेत्रीय और एक राज्य स्तरीय रेस्क्यू स्क्वॉड गठित किया गया है, जो वन्यजीवों के बचाव और मानव-वन्यजीव संघर्ष की घटनाओं में सहायता करेगा।
मानव-वन्यजीव संघर्ष में जनहानि के मामलों में क्षतिपूर्ति राशि 8 लाख रुपये से बढ़ाकर 25 लाख रुपये कर दी गई है। सरकार का उद्देश्य वन्यजीवों के संरक्षण के साथ स्थानीय आबादी की सुरक्षा सुनिश्चित करना और वन क्षेत्रों के आसपास रहने वाले लोगों को राहत प्रदान करना है।
मध्यप्रदेश के विस्तृत वन क्षेत्र, बढ़ते टाइगर रिजर्व और संरक्षण संबंधी प्रयास प्रदेश को वन्यजीव संरक्षण और प्राकृतिक पर्यटन के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित कर रहे हैं।








