बीना-खुरई में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 11 प्रकरण दर्ज; 2.26 लाख रुपये की अवैध शराब व लाहन नष्ट

बीना-खुरई में आबकारी विभाग की बड़ी कार्रवाई, 11 प्रकरण दर्ज; 2.26 लाख रुपये की अवैध शराब व लाहन नष्ट

सागर। कलेक्टर प्रतिभा पाल, संभागीय उड़नदस्ता की उपायुक्त नीरजा श्रीवास्तव के निर्देश तथा सहायक आबकारी आयुक्त कीर्ति दुबे के आदेश पर आबकारी कंट्रोलर एवं सहायक जिला आबकारी अधिकारी पूजा चंद्रन के नेतृत्व में आबकारी विभाग ने बीना और खुरई क्षेत्र में अवैध शराब के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के खिलाफ संयुक्त अभियान चलाकर बड़ी कार्रवाई की। अभियान के दौरान कुल 11 प्रकरण दर्ज कर लगभग 2,26,683 रुपये मूल्य की अवैध शराब, हाथभट्टी कच्ची मदिरा और लाहन जब्त किया गया।

बीना क्षेत्र के ग्राम कोरजा में वृत्त प्रभारी रोशनी उरेती द्वारा प्राप्त सूचना के आधार पर एक टीन के टपरे पर दबिश दी गई। यहां से 57.9 बल्क लीटर देशी एवं विदेशी मदिरा बरामद की गई, जिसकी अनुमानित कीमत 28,583 रुपये है। मामले में आरोपी इन्द्रपाल खंगार उर्फ कल्लू निवासी ग्राम कोरजा के विरुद्ध मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34(1) एवं 34(2) के तहत प्रकरण दर्ज किया गया।

इसी अभियान के तहत खुरई वृत्त प्रभारी मृत्युंजय ठाकुर के नेतृत्व में ग्राम सदरपुर, बसारी तथा बीना के आगासौर के टांडा क्षेत्र में कार्रवाई कर 1,865 किलोग्राम लाहन और 58 बल्क लीटर हाथभट्टी कच्ची मदिरा बरामद की गई। जब्त सामग्री का अनुमानित बाजार मूल्य 1,98,100 रुपये बताया गया है। इस कार्रवाई में आबकारी अधिनियम की धारा 34(1)(ए) एवं 34(1)(एफ) के तहत 10 प्रकरण पंजीबद्ध किए गए।

कार्रवाई में आबकारी उप निरीक्षक शैलेन्द्र मार्को, अपर्णा विश्वकर्मा, एस.पी. साकेत, मदन यादव, मुख्य आरक्षक विजया पाठक, संगीता गुर्जर, प्रदीप दुबे तथा आरक्षक दिलीप, संध्या, आरती, राहुल और पुष्पा की सराहनीय भूमिका रही। सहायक जिला आबकारी अधिकारी पूजा चंद्रन ने बताया कि जिले में अवैध मदिरा के निर्माण, संग्रहण एवं विक्रय के विरुद्ध विशेष अभियान लगातार जारी रहेगा।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here