7 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया राजस्व निरीक्षक, लोकायुक्त सागर की कार्रवाई

7 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों पकड़ा गया राजस्व निरीक्षक, लोकायुक्त सागर की कार्रवाई

सागर। लोकायुक्त सागर की टीम ने गुरुवार को बड़ी कार्रवाई करते हुए परसोरिया मंडल के राजस्व निरीक्षक अविनाश सिंघई को 7 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। कार्रवाई महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के भ्रष्टाचार के विरुद्ध सख्त कार्रवाई के निर्देश तथा उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की गई।

लोकायुक्त से मिली जानकारी के अनुसार कर्रापुर निवासी 62 वर्षीय किसान लखन सिंह ने शिकायत की थी कि उनकी कृषि भूमि के सीमांकन तथा नक्शा एवं फील्ड बुक तहसील कार्यालय में जमा करने के एवज में राजस्व निरीक्षक अविनाश सिंघई द्वारा 7 हजार रुपये की रिश्वत मांगी जा रही है।

शिकायत मिलने पर 22 जुलाई को लोकायुक्त पुलिस ने आवेदन का सत्यापन कराया, जिसमें रिश्वत मांगने की पुष्टि हुई। इसके बाद 23 जुलाई को लोकायुक्त की टीम ने पुरानी तहसील सागर स्थित राजस्व निरीक्षक एवं पटवारी कक्ष में जाल बिछाया। जैसे ही अविनाश सिंघई ने शिकायतकर्ता से 7 हजार रुपये की रिश्वत ली, टीम ने उन्हें रंगे हाथों पकड़ लिया।

इस ट्रैप कार्रवाई का नेतृत्व निरीक्षक रंजीत सिंह और निरीक्षक रोशनी जैन ने लोकायुक्त सागर की टीम के साथ किया। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत वैधानिक कार्रवाई की जा रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here