अटल कॉरिडोर से युवती का शव मिलने से सनसनी, पहचान नहीं हो सकी; सुरक्षा जालियां नहीं लगने पर उठे सवाल
सागर। शहर की लाखा बंजारा झील स्थित अटल कॉरिडोर के पास गुरुवार को एक अज्ञात युवती का शव पानी में उतराता मिला। शव दिखाई देने की सूचना मिलते ही गोपालगंज थाना पुलिस मौके पर पहुंची और स्थानीय लोगों की मदद से शव को पानी से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजते हुए उसकी पहचान कराने के प्रयास शुरू कर दिए हैं।
पुलिस के अनुसार, फिलहाल मृतका की पहचान नहीं हो सकी है। मामले की जांच की जा रही है तथा आसपास के थानों और गुमशुदगी के रिकॉर्ड के आधार पर भी शिनाख्त के प्रयास किए जा रहे हैं। पोस्टमार्टम रिपोर्ट के बाद मौत के कारणों का खुलासा हो सकेगा।
घटना के बाद अटल कॉरिडोर की सुरक्षा व्यवस्था एक बार फिर सवालों के घेरे में आ गई है। स्थानीय लोगों का कहना है कि कॉरिडोर पर सुरक्षा के लिए जालियां लगाने का कार्य लंबे समय से अधूरा पड़ा है। करीब एक वर्ष बीत जाने के बाद भी जालियां नहीं लगाई गईं, जिससे यह स्थान लोगों के लिए जोखिम भरा बना हुआ है। नागरिकों ने निगम प्रशासन की कार्यप्रणाली पर सवाल उठाते हुए अधूरे कार्य को जल्द पूरा कराने की मांग की है।
फिलहाल गोपालगंज पुलिस पूरे मामले की जांच में जुटी हुई है और युवती की पहचान के साथ-साथ घटना के सभी पहलुओं की पड़ताल की जा रही है।


