सड़क पर अतिक्रमण करने वालों पर निगम की सख्त कार्रवाई, 5 हजार रुपए की चालानी कार्रवाई की गई 

0
 सड़क पर अतिक्रमण करने वालों पर निगम की सख्त कार्रवाई, 5 हजार रुपए की चालानी कार्रवाई की गई 
सागर। नगर निगम आयुक्त  राजकुमार खत्री के निर्देशानुसार शहर की यातायात व्यवस्था को सुचारु एवं सुरक्षित बनाए रखने के लिए सड़क पर अतिक्रमण करने वालों के विरुद्ध लगातार कार्रवाई की जा रही है। इसी क्रम में रविवार को नगर निगम की टीम ने बाघराज बीड़ी कॉलोनी स्थित बीड़ी अस्पताल के समीप सड़क पर टायर एवं अन्य सामग्री रखकर अतिक्रमण करने वाले दुकानदारों के विरुद्ध अभियान चलाया।
निरीक्षण के दौरान पाया गया कि कुछ दुकानदारों द्वारा सड़क के हिस्से पर टायर रखकर अवैध रूप से कब्जा किया गया था, जिससे यातायात प्रभावित हो रहा था तथा आम नागरिकों और वाहन चालकों को आवागमन में कठिनाइयों का सामना करना पड़ रहा था। नगर निगम की टीम ने तत्काल कार्रवाई करते हुए संबंधित दुकानदारों से अतिक्रमण हटवाया तथा कुल 5 हजार रुपए की चालानी कार्यवाही की।
नगर निगम आयुक्त राजकुमार खत्री ने कहा कि सड़कें आम जनता की सुविधा और निर्बाध आवागमन के लिए होती हैं। किसी भी व्यक्ति या व्यवसायिक प्रतिष्ठान को सार्वजनिक मार्गों पर सामग्री रखकर अतिक्रमण करने की अनुमति नहीं दी जाएगी। उन्होंने स्पष्ट किया कि सड़कों पर सामान रखकर यातायात बाधित करना न केवल नियमों का उल्लंघन है, बल्कि दुर्घटनाओं का कारण भी बन सकता है।
निगमायुक्त ने संबंधित दुकानदारों को भविष्य में सड़क पर किसी भी प्रकार की सामग्री न रखने की सख्त हिदायत देते हुए कहा कि यदि पुनः इस प्रकार की स्थिति पाई गई तो और अधिक कठोर कार्रवाई की जाएगी। उन्होंने शहरवासियों से भी अपील करते हुए कहा कि वे सार्वजनिक स्थलों और सड़कों को अतिक्रमण मुक्त बनाए रखने में नगर निगम का सहयोग करें।
नगर निगम द्वारा शहर के विभिन्न क्षेत्रों में अतिक्रमण हटाने एवं यातायात व्यवस्था को सुव्यवस्थित करने के लिए यह अभियान निरंतर जारी रहेगा, ताकि नागरिकों को सुरक्षित, स्वच्छ एवं सुगम यातायात सुविधा उपलब्ध हो सके।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here