इतने ई-चालान वाले दो वाहन यातायात पुलिस ने किए जब्त, बकाया जमा करने पर ही मिलेगी राहत

0

इतने ई-चालान वाले दो वाहन यातायात पुलिस ने किए जब्त, बकाया जमा करने पर ही मिलेगी राहत

सागर। सागर यातायात पुलिस ने आईटीएमएस (इंटेलिजेंट ट्रैफिक मैनेजमेंट सिस्टम) के तहत जारी ई-चालानों का भुगतान नहीं करने वाले वाहन चालकों के खिलाफ सख्त कार्रवाई शुरू कर दी है। शहर में लगे आधुनिक सीसीटीवी कैमरों के माध्यम से यातायात नियमों का उल्लंघन करने वाले वाहनों की लगातार निगरानी की जा रही है और वीडियो साक्ष्यों के आधार पर स्वचालित ई-चालान जारी किए जा रहे हैं।

यातायात पुलिस के अनुसार वाहन क्रमांक MP15NH6873 पर कुल 35 ई-चालान लंबित पाए गए। चालक द्वारा चालान राशि जमा नहीं करने पर वाहन को जब्त कर लिया गया। बाद में चालक ने समन शुल्क एवं जुर्माना सहित कुल 19 हजार रुपये जमा किए, जिसके बाद नियमानुसार वाहन को छोड़ दिया गया।

वहीं वाहन क्रमांक MP15ZE0192 पर 60 ई-चालान लंबित पाए जाने पर उसे भी यातायात पुलिस ने जब्त कर लिया है। पुलिस का कहना है कि बकाया चालान राशि जमा करने के बाद ही वाहन को छोड़ा जाएगा।

यातायात पुलिस ने बताया कि ऐसे सभी वाहन चालकों की पहचान की जा रही है जिन्होंने लंबे समय से ई-चालान का भुगतान नहीं किया है। उनके विरुद्ध वाहन जब्ती, समन शुल्क वसूली एवं अन्य वैधानिक कार्रवाई लगातार जारी रहेगी।

पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि वे अपने लंबित चालानों की जानकारी समय-समय पर प्राप्त कर उनका भुगतान करें, ताकि न्यायालय में विलंब से भुगतान करने पर लगने वाले अतिरिक्त जुर्माने से बचा जा सके।

साथ ही वाहन चालकों से सड़क सुरक्षा नियमों का पालन करने, निर्धारित गति सीमा में वाहन चलाने, हेलमेट और सीट बेल्ट का अनिवार्य रूप से उपयोग करने तथा केवल HSRP नंबर प्लेट का इस्तेमाल करने की अपील की गई है। यातायात पुलिस का कहना है कि नागरिकों का सहयोग ही सुरक्षित, सुगम और व्यवस्थित यातायात व्यवस्था की सबसे मजबूत नींव है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here