संजय ड्राइव रोड पर मिला व्यक्ति का शव, कीटनाशक सेवन की आशंका
सागर। मोतीनगर थाना क्षेत्र के संजय ड्राइव रोड पर सोमवार को एक व्यक्ति का शव मिलने से क्षेत्र में सनसनी फैल गई। मृतक की पहचान भागीरथ प्रजापति (47) पुत्र गोवरधन प्रजापति, निवासी पंतनगर वार्ड के रूप में हुई है।
जानकारी के अनुसार भागीरथ रविवार देर रात करीब 12 बजे घर से निकले थे। सोमवार सुबह उनका शव संजय ड्राइव रोड पर पड़ा मिला। शव के पास कीटनाशक भी मिला है, जिससे प्रारंभिक तौर पर कीटनाशक सेवन से मौत होने की आशंका जताई जा रही है।
सूचना मिलने पर मोतीनगर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को कब्जे में लेकर पंचनामा कार्रवाई की। पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।
प्रारंभिक जांच में पारिवारिक विवाद के चलते यह कदम उठाए जाने की आशंका व्यक्त की जा रही है। हालांकि, पुलिस का कहना है कि मौत के वास्तविक कारणों का खुलासा जांच और पोस्टमार्टम रिपोर्ट मिलने के बाद ही हो सकेगा।


