पदभार ग्रहण के पहले दिन एएसपी जयवीर सिंह भदौरिया ने बचाई घायल की जान
सागर, 13 जून। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक बीना के रूप में पदभार ग्रहण करने के पहले ही दिन श्री जयवीर सिंह भदौरिया ने संवेदनशीलता और मानवता का परिचय देते हुए सड़क दुर्घटना में गंभीर रूप से घायल एक व्यक्ति को समय रहते अस्पताल पहुंचाकर उसकी जान बचाने का प्रयास किया।
जानकारी के अनुसार शनिवार शाम करीब 8 बजे पुलिस अधीक्षक कार्यालय सागर में पदभार ग्रहण करने के बाद श्री भदौरिया ऑफिसर्स मेस लौट रहे थे। इसी दौरान सिविल लाइन से मकरोनिया मार्ग स्थित कठुआ पुल के पास सड़क किनारे एक व्यक्ति गंभीर रूप से घायल अवस्था में पड़ा मिला। उन्होंने तत्काल वाहन रुकवाकर घायल की स्थिति देखी, अस्पताल और संबंधित अधिकारियों को सूचना दी तथा स्वयं अपने वाहन से घायल को अस्पताल पहुंचाया। अस्पताल में भर्ती कराकर उन्होंने उपचार की समुचित व्यवस्था भी सुनिश्चित कराई।
चिकित्सकों के अनुसार घायल की हालत गंभीर बनी हुई है, लेकिन समय पर अस्पताल पहुंचने से उसके बचने की संभावना बढ़ गई है। इस दौरान एएसपी भदौरिया ने आमजन से सड़क दुर्घटना में घायलों की मदद करने की अपील करते हुए केंद्र सरकार की राहवीर योजना की जानकारी भी दी, जिसके तहत दुर्घटना पीड़ितों की सहायता करने वाले नागरिकों को प्रोत्साहन राशि और सम्मान प्रदान किया जाता है। उनकी इस मानवीय पहल की क्षेत्र में सराहना हो रही है।


