मुख्यमंत्री के साथ विधायक ब्रजबिहारी पटेरिया की पहल रंग लाई, केसली में 190.85 करोड़ के विकास कार्यों की मिलेगी सौगात

मुख्यमंत्री के साथ विधायक ब्रजबिहारी पटेरिया की पहल रंग लाई, केसली में 190.85 करोड़ के विकास कार्यों की मिलेगी सौगात

सागर। देवरी विधानसभा क्षेत्र के लिए 14 जून का दिन विकास की नई इबारत लिखने वाला साबित होने जा रहा है। मुख्यमंत्री डॉ मोहन यादव देवरी विधानसभा के केसली में आयोजित राज्य स्तरीय कार्यक्रम में शामिल हो रहें हैं जहां लाड़ली बहना योजना की 37वीं किश्त की राशि प्रदेश की महिलाओं के खातों में अंतरित करेंगे, वहीं देवरी विधानसभा क्षेत्र को 190.85 करोड़ रुपये की लागत के 53 विकास कार्यों की बड़ी सौगात भी देंगे। इन विकास कार्यों को क्षेत्रीय विधायक ब्रजबिहारी पटेरिया के सतत प्रयासों और मांगों का परिणाम माना जा रहा है।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री 122.02 करोड़ रुपये की लागत के 28 निर्माण कार्यों का भूमिपूजन तथा 68.83 करोड़ रुपये की लागत से पूर्ण हुए 25 विकास कार्यों का लोकार्पण करेंगे। इनमें सड़क, शिक्षा, स्वास्थ्य, विद्युत, जल संसाधन, पंचायत एवं ग्रामीण विकास तथा तकनीकी शिक्षा विभाग से जुड़े महत्वपूर्ण कार्य शामिल हैं, जिनसे देवरी और केसली क्षेत्र के हजारों ग्रामीणों को लाभ मिलेगा।

विधायक ब्रजबिहारी पटेरिया लंबे समय से क्षेत्र की आधारभूत सुविधाओं के विस्तार और नई विकास परियोजनाओं की स्वीकृति के लिए प्रयासरत रहे हैं। मुख्यमंत्री के दौरे के दौरान होने वाले भूमिपूजन और लोकार्पण को देवरी विधानसभा के विकास की दिशा में महत्वपूर्ण कदम माना जा रहा है।

इस अवसर पर मुख्यमंत्री प्रदेश की एक करोड़ 25 लाख लाड़ली बहनों के खातों में 1835 करोड़ रुपये की राशि भी अंतरित करेंगे। मुख्यमंत्री दोपहर 1:45 बजे केसली पहुंचेंगे और स्थानीय कार्यक्रम में शामिल होने के बाद दोपहर 3:25 बजे भोपाल के लिए रवाना होंगे।

मुख्यमंत्री के आगमन को लेकर प्रशासन और जनप्रतिनिधियों द्वारा व्यापक तैयारियां की जा रही हैं तथा क्षेत्र में कार्यक्रम को लेकर उत्साह का माहौल है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here