संत पर आपत्तिजनक टिप्पणी मामला: पूर्व डीएसपी समेत तीन नए आरोपी नामजद, कई जिलों में दबिश

जैन मुनि पर आपत्तिजनक टिप्पणी मामला: पूर्व डीएसपी समेत तीन नए आरोपी नामजद, कई जिलों में दबिश

सागर/अशोकनगर। प्रसिद्ध जैन संत सुधा सागर महराज के खिलाफ सोशल मीडिया पर की गई कथित आपत्तिजनक टिप्पणी के मामले में अशोकनगर पुलिस ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए तीन नए आरोपियों को नामजद किया है। इनमें सागर निवासी पूर्व डीएसपी डॉ. रेखा जैन का नाम भी शामिल है। पुलिस फरार आरोपियों की तलाश में मध्यप्रदेश और उत्तरप्रदेश के विभिन्न जिलों में लगातार दबिश दे रही है।

पुलिस के अनुसार मामले में पहले ही तीन युवकों को गिरफ्तार किया जा चुका है। प्रारंभिक जांच के दौरान साइबर सेल की सहायता से सोशल मीडिया गतिविधियों और व्हाट्सएप ग्रुपों की तकनीकी पड़ताल की गई। इसके बाद कुछ अन्य लोगों की भूमिका भी सामने आई, जिनके खिलाफ कार्रवाई की गई है।

अशोकनगर कोतवाली थाना में इस मामले में भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 299, 352 और 353(2) के तहत अपराध दर्ज किया गया था। विवेचना के दौरान प्राप्त डिजिटल साक्ष्यों के आधार पर पूर्व डीएसपी डॉ. रेखा जैन, समीर जैन और राहुल जैन को भी प्रकरण में आरोपी बनाया गया है।

पुलिस अधीक्षक अशोकनगर ने बताया कि आरोपियों की गिरफ्तारी के लिए विशेष टीमें गठित की गई हैं। सागर, बीना, दमोह, जबलपुर तथा उत्तरप्रदेश के ललितपुर सहित कई स्थानों पर दबिश दी जा रही है। पुलिस का दावा है कि फरार आरोपियों को जल्द गिरफ्तार कर लिया जाएगा।

जैन समाज के कुछ प्रतिनिधियों ने इस मामले को धार्मिक भावनाओं से जुड़ा बताते हुए आरोप लगाया है कि सोशल मीडिया के माध्यम से समाजों के बीच वैमनस्य फैलाने का प्रयास किया गया। वहीं पुलिस पूरे मामले की निष्पक्ष जांच कर रही है और तकनीकी साक्ष्यों के आधार पर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

एसपी राजीव कुमार मिश्रा ने नागरिकों से सोशल मीडिया का जिम्मेदारीपूर्वक उपयोग करने और किसी भी धर्म, संप्रदाय या धार्मिक व्यक्तित्व के संबंध में आपत्तिजनक अथवा भड़काऊ सामग्री साझा करने से बचने की अपील की है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here