सागर के केसली से मुख्यमंत्री की बड़ी सौगात: लाड़ली बहनों को 1835 करोड़, देवरी का नाम बदलेगा, 190 करोड़ के विकास कार्यों की सौगात भी

केसली से मुख्यमंत्री की बड़ी सौगात: लाड़ली बहनों को 1835 करोड़, 190 करोड़ के विकास कार्यों का लोकार्पण-भूमिपूजन

सागर। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने रविवार को देवरी विधानसभा के केसली में आयोजित लाड़ली बहना सम्मेलन में प्रदेश की 1.25 करोड़ से अधिक महिलाओं के खातों में योजना की 37वीं किस्त के रूप में 1835 करोड़ रुपये सिंगल क्लिक से अंतरित किए। सागर जिले की 4.15 लाख से अधिक महिलाओं को 61.14 करोड़ रुपये की राशि प्राप्त हुई।

मुख्यमंत्री ने कहा कि लाड़ली बहना योजना महिलाओं के आर्थिक स्वावलंबन का मजबूत आधार बनी है और मातृशक्ति के आशीर्वाद से प्रदेश विकास की नई ऊंचाइयों को छू रहा है। उन्होंने केसली में 190.85 करोड़ रुपये लागत के 53 विकास कार्यों का लोकार्पण एवं भूमिपूजन भी किया।

कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कई महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए देवरी में 100 बिस्तरीय अस्पताल, थावरी जलाशय योजना, प्याज-लहसुन खरीदी केंद्र, केसली व गौरझामर को नगर पंचायत बनाने तथा देवरी का नाम देवपुरी करने की घोषणा की। साथ ही विभिन्न स्कूलों और महाविद्यालयों के उन्नयन एवं पर्यटन विकास की सौगात भी दी।

मुख्यमंत्री ने लाड़ली बहनों के बीच पहुंचकर पुष्पवर्षा की तथा उनके साथ पारंपरिक खेल सितोलिया खेलकर “लाड़ली बहना खेल सप्ताह” का शुभारंभ किया। यह आयोजन 21 जून तक ग्राम, ब्लॉक और जिला स्तर पर आयोजित होगा।

कार्यक्रम स्थल पर विभिन्न विभागों की विकासात्मक प्रदर्शनियों का भी मुख्यमंत्री ने अवलोकन किया। जल प्रदाय योजना, जैविक कृषि, महिला स्व-सहायता समूहों, वनोपज एवं जनजातीय कल्याण से जुड़े स्टॉलों की उन्होंने सराहना की।

मुख्यमंत्री ने मेधावी विद्यार्थियों को स्कूटी एवं प्रोत्साहन राशि वितरित की तथा विभिन्न हितग्राहियों को लाभान्वित किया। केसली में उनके प्रथम आगमन पर ढोल-नगाड़ों और बुंदेलखंडी लोक संस्कृति के साथ भव्य स्वागत किया गया।

इस अवसर पर खाद्य मंत्री गोविंद सिंह राजपूत, सांसद डॉ. लता वानखेड़े, सांसद राहुल सिंह लोधी, विधायक ब्रज बिहारी पटेरिया सहित अनेक जनप्रतिनिधि एवं प्रशासनिक अधिकारी उपस्थित रहे।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here