मुख्यमंत्री ने जारी की लाड़ली बहना की किस्त, साथ ही 53 विकास कार्यों का शुभारंभ
सागर जिले की देवरी विधानसभा अंतर्गत केसली में रविवार को आयोजित कार्यक्रम में मुख्यमंत्री Mohan Yadav ने प्रदेश की महिलाओं और क्षेत्रीय विकास को लेकर कई बड़ी घोषणाएं कीं। मुख्यमंत्री ने ‘लाड़ली बहना योजना’ की जून माह की किस्त जारी करते हुए प्रदेश की 1.25 करोड़ पात्र महिलाओं के बैंक खातों में सिंगल क्लिक के माध्यम से 1835 करोड़ रुपए की राशि अंतरित की।
मुख्यमंत्री दोपहर करीब 2:10 बजे हेलीकॉप्टर से केसली पहुंचे और सीधे कार्यक्रम स्थल पर पहुंचे। यहां उन्होंने लाड़ली बहना योजना की राशि जारी करने के साथ देवरी विधानसभा क्षेत्र को 190 करोड़ रुपए से अधिक लागत वाले 53 विकास कार्यों की सौगात भी दी।
इन विकास कार्यों में 122.02 करोड़ रुपए की लागत से होने वाले 28 नए प्रोजेक्ट्स का भूमिपूजन किया गया, जबकि 68.83 करोड़ रुपए की लागत से पूर्ण हो चुकी 25 परियोजनाओं का लोकार्पण कर उन्हें जनता को समर्पित किया गया।
कार्यक्रम में मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार महिलाओं के सशक्तिकरण और ग्रामीण विकास के लिए लगातार कार्य कर रही है। स्वीकृत विकास परियोजनाओं के माध्यम से देवरी और केसली क्षेत्र में सड़क, पेयजल सहित अन्य बुनियादी सुविधाओं का विस्तार होगा, जिससे क्षेत्रवासियों को बेहतर जनसुविधाएं उपलब्ध हो सकेंगी।
स्थानीय प्रशासन के अनुसार, इन परियोजनाओं के पूरा होने से ग्रामीण क्षेत्रों में अधोसंरचना मजबूत होगी और विकास कार्यों को नई गति मिलेगी। कार्यक्रम के बाद मुख्यमंत्री दोपहर 3:25 बजे भोपाल के लिए रवाना हो गए।


