पटवारी 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, लोकायुक्त सागर की कार्रवाई, नामांतरण प्रकरण में मांगी थी घूस

पटवारी 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते रंगे हाथों गिरफ्तार, लोकायुक्त सागर की कार्रवाई, नामांतरण प्रकरण में मांगी थी घूस

सागर। लोकायुक्त पुलिस सागर ने शुक्रवार को भ्रष्टाचार के खिलाफ बड़ी कार्रवाई करते हुए जैसीनगर तहसील के बम्होरी घाट हल्का क्रमांक-34 के पटवारी मानवेंद्र सिंह ठाकुर को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। कार्रवाई तिली तिराहा स्थित गणेशपुरम रोड पर की गई।

लोकायुक्त पुलिस के अनुसार तिली वार्ड निवासी भगवान दास सोलंकी ने शिकायत दर्ज कराई थी कि उनकी पुत्रवधू द्वारा ग्राम कंकर कुइया में 1.4 हेक्टेयर भूमि क्रय की गई है, जिसका नामांतरण आवेदन तहसीलदार कार्यालय जैसीनगर में लंबित है। नामांतरण की प्रक्रिया आगे बढ़ाने के लिए संबंधित पटवारी मानवेंद्र सिंह ठाकुर द्वारा 10 हजार रुपये की रिश्वत की मांग की जा रही थी।

शिकायत मिलने पर लोकायुक्त कार्यालय सागर ने 8 जून को आवेदन का सत्यापन कराया। शिकायत सही पाए जाने के बाद शुक्रवार को योजनाबद्ध कार्रवाई करते हुए लोकायुक्त दल ने तिली तिराहा गणेशपुरम रोड पर आरोपी पटवारी को 10 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया।

यह कार्रवाई महानिदेशक लोकायुक्त श्री योगेश देशमुख के निर्देश तथा उप पुलिस महानिरीक्षक श्री मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की गई। ट्रैप कार्रवाई में निरीक्षक रंजीत सिंह, निरीक्षक कमल सिंह उइके एवं लोकायुक्त सागर की टीम शामिल रही। आरोपी के विरुद्ध भ्रष्टाचार निवारण अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर आगे की कार्रवाई की जा रही है।

लोकायुक्त पुलिस ने नागरिकों से अपील की है कि किसी भी शासकीय अधिकारी या कर्मचारी द्वारा रिश्वत मांगने पर हेल्पलाइन नंबर 8435794333 पर शिकायत दर्ज कराएं।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here