सागर : घर बना रखा था शराब का गोदाम! पुलिस ने मारा छापा, लाखों की अवैध शराब जब्त

0

सागर : घर बना रखा था शराब का गोदाम! पुलिस ने मारा छापा, लाखों की अवैध शराब जब्त

सागर। जिले में अवैध शराब के कारोबार पर प्रभावी अंकुश लगाने हेतु पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया एवं अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक डॉ. संजीव उइके के निर्देशन तथा अनुविभागीय अधिकारी पुलिस  प्रवीण अस्थाना के नेतृत्व में थाना बांदरी पुलिस को बड़ी सफलता प्राप्त हुई है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए एक मकान से भारी मात्रा में अवैध अंग्रेजी शराब बरामद कर लाखों रुपये का जखीरा जब्त किया है।

थाना प्रभारी बांदरी निरीक्षक श्री सुमेर सिंह जगेत को विश्वसनीय मुखबिर से सूचना प्राप्त हुई थी कि ग्राम झीकनी निवासी चंद्रपाल बुन्देला द्वारा एक काले-स्लेटी रंग की नैक्सोन कार क्रमांक UP94Y6399 से अवैध शराब लाकर अपने घर में छिपाकर रखी गई है। सूचना को गंभीरता से लेते हुए पुलिस टीम द्वारा तत्काल दबिश की कार्रवाई की गई।

पुलिस जब मुखबिर द्वारा बताए गए स्थान पर पहुंची तो चंद्रपाल के घर के सामने उक्त नैक्सोन कार खड़ी मिली। मकान के मुख्य गेट पर ताला लगा हुआ था। पुलिस द्वारा घर एवं आसपास के क्षेत्र की घेराबंदी कर तलाशी ली गई। इसी दौरान घर के पीछे स्थित दरवाजे से आरोपी चंद्रपाल अंधेरे का लाभ उठाकर मौके से फरार हो गया।

पुलिस टीम ने घर की सघन तलाशी ली, जिसमें पीछे स्थित कमरे से महरून रंग के 20 कार्टून बरामद हुए। कार्टूनों को खोलकर जांच करने पर उनमें BOMBAY SPECIAL व्हिस्की के कुल 1,000 सीलबंद पाव (180 एमएल प्रत्येक) पाए गए। बरामद शराब की कुल मात्रा 180 लीटर तथा अनुमानित कीमत लगभग 1 लाख 35 हजार रुपये आंकी गई है। सभी शराब की बोतलों पर मध्यप्रदेश आबकारी विभाग के होलोग्राम लगे हुए पाए गए।

प्रारंभिक जांच में आरोपी चंद्रपाल बुन्देला एवं वाहन स्वामी द्वारा अवैध रूप से शराब का भंडारण एवं परिवहन किया जाना पाया गया, जिस पर थाना बांदरी में धारा 34(2) आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण पंजीबद्ध कर विवेचना में लिया गया है। फरार आरोपी की तलाश हेतु पुलिस टीम द्वारा लगातार प्रयास किए जा रहे हैं।

पुलिस अधीक्षक सागर अनुराग सुजानिया द्वारा अवैध मादक पदार्थ एवं शराब कारोबारियों के विरुद्ध जिले भर में चलाए जा रहे विशेष अभियान के तहत यह कार्रवाई महत्वपूर्ण सफलता मानी जा रही है। पुलिस ने स्पष्ट किया है कि अवैध शराब के कारोबार में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध भविष्य में भी कठोर एवं निरंतर कार्रवाई जारी रहेगी।

सराहनीय भूमिका :
निरीक्षक सुमेर सिंह जगेत, उप निरीक्षक विजय पटेल, सहायक उप निरीक्षक सरीफ खान, प्रधान आरक्षक दीपक शुक्ला, आरक्षक जयराम, राजेन्द्र एवं देवीदीन की इस कार्रवाई में विशेष एवं सराहनीय भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here