मोतीनगर पुलिस की बड़ी कार्रवाई: 10 लीटर अवैध कच्ची शराब के साथ युवक गिरफ्तार
सागर। जिले में अवैध शराब कारोबार के खिलाफ चलाए जा रहे अभियान के तहत मोतीनगर पुलिस ने बड़ी कार्रवाई करते हुए 10 लीटर अमानक कच्ची शराब के साथ एक आरोपी को गिरफ्तार किया है। पुलिस के अनुसार बरामद शराब मानव स्वास्थ्य के लिए घातक साबित हो सकती थी।
पुलिस अधीक्षक अनुराग सुजानिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक लोकेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक ललित कश्यप के नेतृत्व में जिलेभर में अवैध शराब, अवैध हथियारों तथा सार्वजनिक स्थलों पर शराब सेवन करने वालों के विरुद्ध विशेष अभियान चलाया जा रहा है।
इसी क्रम में 31 मई को मोतीनगर थाना पुलिस को मुखबिर से सूचना मिली कि लेहदरानाका बड़ी नदी स्थित विसर्जन घाट के पास एक व्यक्ति अवैध कच्ची शराब बेच रहा है। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत के नेतृत्व में पुलिस टीम ने मौके पर दबिश दी।
पुलिस को देखकर संदिग्ध युवक भागने लगा, लेकिन घेराबंदी कर उसे पकड़ लिया गया। पूछताछ में उसने अपना नाम राघव सोनी (25 वर्ष) निवासी विवेकानंद वार्ड, थाना मोतीनगर, सागर बताया।
तलाशी के दौरान उसके कब्जे से एक प्लास्टिक कुप्पे में लगभग 10 लीटर कच्ची शराब बरामद हुई। पुलिस के अनुसार शराब मटमैले रंग की, तीव्र दुर्गंधयुक्त तथा हाथ से निर्मित पाई गई, जो प्रथम दृष्टया विषैली एवं स्वास्थ्य के लिए अत्यंत हानिकारक प्रतीत हुई। बरामद शराब की कीमत करीब 2,500 रुपये आंकी गई है।
आरोपी से शराब रखने एवं बेचने संबंधी वैध दस्तावेज मांगे गए, लेकिन वह कोई अनुमति पत्र प्रस्तुत नहीं कर सका। इसके बाद पुलिस ने मध्यप्रदेश आबकारी अधिनियम की धारा 34 एवं 49(क) के तहत मामला दर्ज कर शराब जब्त कर ली। मौके पर शराब का नमूना लेकर पंचनामा तैयार किया गया तथा आरोपी को गिरफ्तार कर वैधानिक कार्रवाई की गई।
पुलिस ने बताया कि मामले की विवेचना जारी है और अवैध शराब कारोबारियों के खिलाफ अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।
सराहनीय भूमिका
इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक जसवंत सिंह राजपूत, सहायक उप निरीक्षक भारत सिंह, प्रधान आरक्षक भगवानदास, अरुण, दिनेश तथा आरक्षक पुष्पेंद्र, संजय, चंदन और अखलेश की महत्वपूर्ण भूमिका रही।


