सात माह से फरार 4 आरोपी गिरफ्तार, 16.50 लाख की अवैध शराब व स्कॉर्पियो जप्ती मामले में सिविल लाइन पुलिस को सफलता

सात माह से फरार 4 आरोपी गिरफ्तार, 16.50 लाख की अवैध शराब व स्कॉर्पियो जप्ती मामले में पुलिस को सफलता

सागर। थाना सिविल लाइन पुलिस ने लगभग सात माह पुराने अवैध शराब परिवहन के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए फरार चल रहे चार आरोपियों को गिरफ्तार किया है। आरोपियों की गिरफ्तारी तकनीकी साक्ष्यों, सीसीटीवी फुटेज और मुखबिर तंत्र की मदद से संभव हो सकी। गिरफ्तार आरोपियों को न्यायालय में पेश कर वैधानिक कार्रवाई की गई है।

पुलिस के अनुसार 2 नवंबर 2025 को मुखबिर से सूचना मिली थी कि जैसीनगर क्षेत्र से एक स्कॉर्पियो वाहन में अवैध शराब भरकर सागर लाई जा रही है। सूचना के आधार पर न्यू आरटीओ कार्यालय के आगे घाटी क्षेत्र में वाहन चेकिंग लगाई गई। पुलिस को देखकर वाहन में सवार आरोपी स्कॉर्पियो छोड़कर फरार हो गए थे।

वाहन की तलाशी लेने पर उसमें 24 पेटी देशी शराब बरामद हुई थी, जिसकी कीमत लगभग 1 लाख 48 हजार 800 रुपये आंकी गई। वहीं परिवहन में प्रयुक्त स्कॉर्पियो वाहन की कीमत करीब 15 लाख रुपये थी। इस प्रकार पुलिस ने कुल लगभग 16.50 लाख रुपये मूल्य की शराब और वाहन जप्त किया था। मामले में थाना सिविल लाइन में आबकारी अधिनियम के तहत प्रकरण दर्ज कर विवेचना शुरू की गई थी।

जांच के दौरान पुलिस ने जैसीनगर रोड स्थित टोल प्लाजा के सीसीटीवी फुटेज खंगाले तथा अन्य तकनीकी साक्ष्यों और मुखबिरों से प्राप्त जानकारी के आधार पर आरोपियों की पहचान की। 31 मई 2026 को सूचना मिली कि मामले के आरोपी क्षेत्र में मौजूद हैं। इसके बाद थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद सिंह ठाकुर के नेतृत्व में विशेष टीम गठित कर दबिश दी गई।

पुलिस ने कार्रवाई करते हुए सिलारपुर निवासी श्रीराम लोधी (34), पथरिया जाट निवासी गंगा प्रजापति (29), अंशुल साहू (29) तथा मैनपानी निवासी वीरू उर्फ बीरेन्द्र यादव (35) को गिरफ्तार कर लिया।

पुलिस अधीक्षक श्री अनुराग सुजानिया के निर्देशन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक श्री लोकेश कुमार सिन्हा के मार्गदर्शन एवं नगर पुलिस अधीक्षक श्री ललित कश्यप के नेतृत्व में चलाए जा रहे अवैध शराब विरोधी अभियान के तहत यह कार्रवाई की गई। पुलिस का कहना है कि जिले में अवैध शराब के निर्माण, परिवहन और विक्रय में संलिप्त व्यक्तियों के विरुद्ध अभियान आगे भी लगातार जारी रहेगा।

इस कार्रवाई में थाना प्रभारी निरीक्षक आनंद सिंह ठाकुर, उप निरीक्षक सुरेन्द्र सहित थाना सिविल लाइन के पुलिस बल की महत्वपूर्ण भूमिका रही।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here