पानी भरने को लेकर शुरू हुआ विवाद बना जानलेवा, युवक की मौत से गांव में पसरा मातम

0

पानी भरने को लेकर शुरू हुआ विवाद बना जानलेवा, युवक की मौत से गांव में पसरा मातम

सागर। जिले के बंडा थाना क्षेत्र के दलपतपुर गांव में पानी भरने को लेकर शुरू हुआ मामूली विवाद अचानक हिंसक रूप ले बैठा। देखते ही देखते दो पक्ष आमने-सामने आ गए और विवाद मारपीट में बदल गया। इस घटना में एक युवक की मौत हो गई, जबकि दूसरा गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना के बाद गांव में तनाव का माहौल बन गया।
जानकारी के अनुसार, मृतक की पहचान दलपतपुर निवासी 20 वर्षीय अर्जुन सिंह लोधी के रूप में हुई है। वहीं साहिल नाम का युवक इस घटना में घायल हुआ है, जिसका अस्पताल में उपचार जारी है।
पुलिस के मुताबिक सोमवार रात गांव में पानी भरने को लेकर अर्जुन सिंह लोधी का कुछ लोगों के साथ विवाद हो गया था। शुरुआत में कहा-सुनी हुई, लेकिन कुछ ही देर में मामला बढ़ गया और दोनों पक्षों के बीच जमकर मारपीट शुरू हो गई। इस दौरान अर्जुन को गंभीर चोटें आईं। गंभीर हालत में उसकी जान चली गई, जबकि साहिल भी घायल हो गया।
घटना की सूचना मिलते ही बंडा पुलिस तत्काल मौके पर पहुंची और पूरे मामले की जांच शुरू कर दी। पुलिस ने शव का पंचनामा तैयार कर मंगलवार को पोस्टमार्टम कराया। इसके बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया।
बंडा थाना प्रभारी अंजली उदेनिया ने बताया कि पानी भरने को लेकर हुए विवाद के दौरान एक युवक की मौत हुई है। फरियादी की शिकायत के आधार पर चार लोगों के खिलाफ मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस आरोपियों की तलाश में जुटी हुई है और मामले की विस्तृत जांच जारी है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here