सागर में आंधी का तांडव, नरवाई की आग से दहशत,तेज हवा से उड़ी घरों की चद्दरें, सेमरा पुल पर आधे घंटे थमा यातायात
सागर। गुरुवार रात जिले में तेज हवा-आंधी ने जमकर कहर बरपाया। करीब 40 किलोमीटर प्रतिघंटे की रफ्तार से चली आंधी के चलते कई इलाकों में घरों की चद्दरें उड़ गईं और पेड़ गिरने की घटनाएं सामने आईं। शहर के कई हिस्सों में बिजली व्यवस्था ठप हो गई, जिससे देर रात तक आधा शहर अंधेरे में डूबा रहा। ग्रामीण क्षेत्रों में भी तेज आंधी के कारण लोग दहशत में रहे।
वहीं जरुआखेड़ा में हाई स्कूल ग्राउंड के पास खेतों की नरवाई में अचानक आग लग गई। तेज हवा के कारण आग तेजी से फैलते हुए रहवासी बस्ती की ओर बढ़ने लगी। आग की लपटें बढ़ती देख ग्रामीणों में अफरा-तफरी मच गई। लोगों ने तत्काल पुलिस और प्रशासन को सूचना दी, जिसके बाद फायर फाइटर मौके पर पहुंचे और आग पर काबू पाने की कोशिश शुरू की गई।
तेज हवा के चलते आग लगातार फैलती रही। ऐसे में स्थानीय लोगों ने पानी के टैंकर और आसपास मौजूद जल स्रोतों की मदद से आग बुझाने का प्रयास किया। इसी दौरान खुरई-सागर रोड स्थित सेमरा पुल तक आग पहुंच गई। सड़क पर आग के अंगारे उड़ने लगे, जिससे मार्ग पर यातायात रोकना पड़ा।
आग की लपटों और धुएं के कारण करीब आधे घंटे तक यातायात बाधित रहा। बाद में आंधी थमने के बाद मार्ग पर आवागमन दोबारा शुरू कराया गया। देर रात तक फायर ब्रिगेड की टीमें आग पर काबू पाने में जुटी रहीं। हालांकि घटना में किसी प्रकार की जनहानि नहीं हुई है।


