सागर में दर्दनाक सड़क हादसा, अतिथि शिक्षक की मौत, कार भी पलटी
सागर जिले के जरूआखेड़ा क्षेत्र में बुधवार सुबह एक दर्दनाक सड़क हादसे में अतिथि शिक्षक की मौत हो गई। हादसा उस समय हुआ जब वे दोस्त की शादी में शामिल होकर बाइक से घर लौट रहे थे। इस दौरान उनकी बाइक को एक कार ने जोरदार टक्कर मार दी, जिससे कार अनियंत्रित होकर पलट गई।
घटना में बाइक सवार अतिथि शिक्षक गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि कार भी पलट गई। आसपास मौजूद लोगों ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घायल को अस्पताल पहुंचाया, जहां इलाज के दौरान उनकी मौत हो गई।
जानकारी के अनुसार, ओमकार विश्वकर्मा (42), निवासी जालंधर जामुनढाना, शासकीय स्कूल में अतिथि शिक्षक के पद पर कार्यरत थे। वे मंगलवार रात अपने मित्र की शादी में शामिल होने नरयावली गए थे। शादी समारोह के बाद बुधवार सुबह वे बाइक से घर लौट रहे थे, तभी जरूआखेड़ा के पास यह हादसा हो गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम कराया। पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। मृतक अपने पीछे तीन बच्चों को छोड़ गए हैं, जिससे परिवार में शोक का माहौल है।


