सागर। शहर के काकागंज वार्ड में जनगणना कार्य के दौरान एक शिक्षक के साथ मारपीट का मामला सामने आया है। पीड़ित शिक्षक ने इस घटना के संबंध में कलेक्टर कार्यालय पहुंचकर जनसुनवाई में शिकायत दर्ज कराई है और आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की है।
शासकीय संदीपनी एमएलबी स्कूल में पदस्थ माध्यमिक शिक्षक आदित्य कुमार पाण्डेय ने बताया कि उनकी ड्यूटी जनगणना कार्य के लिए प्रगणक के रूप में काकागंज क्षेत्र के ब्लॉक क्रमांक 2 में नजरी नक्शा तैयार करने के लिए लगाई गई थी। 4 मई को जब वे क्षेत्र भ्रमण पर थे, तभी एक युवक धारदार हथियार लेकर उनके पास पहुंचा। शिक्षक के अनुसार, युवक के परिवार की एक युवती ने उसके हाथ से हथियार तो छीन लिया, लेकिन युवक ने उन्हें थप्पड़ मार दिया जिससे उनका चश्मा टूट गया।
शिक्षक ने आरोप लगाया कि मारपीट के बाद आरोपी ने उनका पीछा भी किया, जिससे वे डरे हुए हैं। शिकायत में कहा गया है कि आरोपी ने शासकीय कार्य में बाधा डाली है और एक सरकारी कर्मचारी के साथ अभद्रता की है। शिक्षक ने अपनी सुरक्षा को लेकर चिंता जताई है और प्रशासन से मांग की है कि उनकी ड्यूटी किसी अन्य वार्ड में स्थानांतरित की जाए। जनसुनवाई में अधिकारियों ने मामले की जांच कर उचित कार्रवाई का आश्वासन दिया है।


