वरमाला के मंच पर ड्रामा: दुल्हन ने दूल्हे को छोड़ा, प्रेमी के गले में डाली माला; बारात बैरंग लौटी

0

वरमाला के मंच पर ड्रामा: दुल्हन ने दूल्हे को छोड़ा, प्रेमी के गले में डाली माला; बारात बैरंग लौटी

Ad 1

छिंदवाड़ा। मध्यप्रदेश के छिंदवाड़ा जिले में एक शादी समारोह उस वक्त हंगामे में बदल गया, जब वरमाला की रस्म के दौरान दुल्हन ने अचानक फैसला बदल दिया। यह घटना उमरेठ क्षेत्र में 27-28 अप्रैल की दरमियानी रात की बताई जा रही है, जिसका वीडियो अब सामने आया है। मामले में वर पक्ष ने थाने में शिकायत दर्ज कराई है और पुलिस जांच में जुटी है।
स्टेज से दौड़कर प्रेमी के पास पहुंची दुल्हन
जानकारी के मुताबिक, परासिया से आई बारात का मुजावर गांव में स्वागत किया गया। आतिशबाजी और रस्मों के बाद जब वरमाला की तैयारी शुरू हुई, दूल्हा स्टेज पर पहुंच चुका था। कुछ ही देर में दुल्हन भी माला लेकर मंच पर आई, लेकिन उसने अचानक इधर-उधर देखा और फिर स्टेज से उतरकर सीधे पंडाल में मौजूद अपने प्रेमी के पास पहुंच गई। उसने प्रेमी को गले लगाया और उसी के गले में वरमाला डाल दी।
मौके पर मचा हड़कंप, जमकर मारपीट
इस अप्रत्याशित घटनाक्रम से मौके पर मौजूद लोग हैरान रह गए। दुल्हन के परिजनों ने प्रेमी को पकड़कर उसकी पिटाई कर दी और पंडाल से बाहर निकाल दिया। इसके बाद बारातियों और घरातियों के बीच विवाद बढ़ गया, जो हाथापाई में बदल गया।
दूल्हे ने शादी से किया इनकार
घटना के बाद दूल्हे ने शादी करने से साफ इनकार कर दिया, जिसके चलते बारात बिना शादी के ही वापस लौट गई।
दो साल से चल रहा था प्रेम संबंध
बताया जा रहा है कि दुल्हन का प्रेम प्रसंग पिछले दो साल से चल रहा था और इसकी जानकारी परिवार को भी थी। परिवार के दबाव में युवती शादी के लिए राजी हो गई थी, लेकिन शादी के दिन प्रेमी को सामने देख उसने अपना फैसला बदल दिया।
आर्थिक नुकसान और कार्रवाई की मांग
वर पक्ष ने इस घटना से सामाजिक प्रतिष्ठा को ठेस और आर्थिक नुकसान होने की बात कही है। उन्होंने दुल्हन पक्ष से गहने, अंगूठी और मोबाइल वापस ले लिए हैं। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।

LEAVE A REPLY

Please enter your comment!
Please enter your name here