सागर लोकायुक्त का बड़ा एक्शन: सहायक अभियंता 2 हजार की रिश्वत लेते रंगे हाथ गिरफ्तार
सागर/दमोह, 25 जून 2026। भ्रष्टाचार के विरुद्ध चलाए जा रहे अभियान के तहत लोकायुक्त पुलिस सागर ने गुरुवार को दमोह जिले के हटा शहर वितरण केंद्र में पदस्थ एक सहायक अभियंता को 2 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों गिरफ्तार किया। कार्रवाई लोकायुक्त संभाग सागर की टीम ने की।
लोकायुक्त से प्राप्त जानकारी के अनुसार, गांधी वार्ड हटा निवासी इन्द्र कुमार पटेल ने शिकायत दर्ज कराई थी कि वे पानी प्लांट का व्यवसाय करते हैं। निरीक्षण के दौरान उनके प्लांट पर कम क्षमता का विद्युत कनेक्शन पाए जाने पर कार्रवाई और जुर्माना नहीं करने के बदले सहायक अभियंता राजेश कुमार सहाय एवं आउटसोर्स कर्मचारी संदीप पटेरिया द्वारा 7 हजार रुपये रिश्वत की मांग की गई थी।
शिकायत मिलने के बाद लोकायुक्त पुलिस ने आवेदन का सत्यापन कराया। सत्यापन के दौरान सहायक अभियंता राजेश कुमार सहाय 2 हजार रुपये रिश्वत लेने पर सहमत हो गया। इसके बाद लोकायुक्त टीम ने जाल बिछाकर गुरुवार को मध्य प्रदेश पूर्व क्षेत्र विद्युत वितरण कंपनी लिमिटेड, हटा शहर वितरण केंद्र में कार्रवाई की।
लोकायुक्त पुलिस ने सहायक अभियंता राजेश कुमार सहाय (57 वर्ष) को 2 हजार रुपये की रिश्वत लेते हुए रंगे हाथों पकड़ लिया। मामले में सह आरोपी के रूप में आउटसोर्स कर्मचारी संदीप पटेरिया का नाम भी सामने आया है। दोनों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई की जा रही है।
यह ट्रैप कार्रवाई महानिदेशक लोकायुक्त योगेश देशमुख के निर्देश एवं उप पुलिस महानिरीक्षक मनोज सिंह के मार्गदर्शन में की गई। कार्रवाई का नेतृत्व निरीक्षक रंजीत सिंह एवं निरीक्षक रोशनी जैन ने लोकायुक्त स्टाफ के साथ किया।


