अनोखा शराब तस्करी का तरीका उजागर
शादी के पैंपलेट लगी गाड़ी में ले जाई जा रही थी 9 पेटी शराब, तस्कर गिरफ्तार
रीवा। खबर आ रही हैं कि जिले में अवैध शराब तस्करी का एक चौंकाने वाला मामला सामने आया है, जहां तस्करों ने पुलिस से बचने के लिए बेहद चालाक तरीका अपनाया। गाड़ी के ऊपर शादी का पैंपलेट चिपकाकर शराब की खेप ढोई जा रही थी, ताकि किसी को शक न हो। हालांकि की कोतवाली पुलिस ने आधी रात घेराबंदी कर इस तस्करी का पर्दाफाश कर दिया।
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, मुखबिर की सूचना पर कार्रवाई करते हुए कोतवाली थाना पुलिस ने देर रात संदिग्ध वाहन को रोका। तलाशी के दौरान वाहन से 9 पेटी अवैध शराब बरामद की गई। यह शराब से ले जाई जा रही थी।
वाहन पर शादी समारोह से संबंधित पैंपलेट चिपकाए गए थे, जिससे पहली नजर में यह सामान्य पारिवारिक उपयोग की गाड़ी प्रतीत हो रही थी। लेकिन पुलिस की सतर्कता के चलते यह चालाकी ज्यादा देर तक नहीं चल सकी।
कार्रवाई के दौरान पुलिस ने आरोपी तस्कर अमन सिंह को मौके से गिरफ्तार कर लिया है। आरोपी के खिलाफ आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज कर आगे की जांच शुरू कर दी गई है। पुलिस यह भी पता लगाने में जुटी है कि इस तस्करी के पीछे कोई बड़ा नेटवर्क तो सक्रिय नहीं है।
इस घटना ने एक बार फिर यह सवाल खड़ा कर दिया है कि तस्कर नए-नए तरीके अपनाकर कानून को चुनौती दे रहे हैं। ऐसे में प्रदेश की पुलिस और आबकारी विभाग को सतर्कता और निगरानी बढ़ाने की आवश्यकता है, ताकि इस तरह की अवैध गतिविधियों पर प्रभावी अंकुश लगाया जा सके।
विशेष टिप्पणी
प्रदेश में शराब तस्करी रोकने के लिए जहां एक ओर सख्ती के दावे किए जाते हैं, वहीं इस तरह के मामले व्यवस्था की पोल खोलते नजर आते हैं। अब देखना होगा कि इस खुलासे के बाद उच्च अधिकारी क्या ठोस कदम उठाते हैं।


